Edited By Subhash Kapoor,Updated: 27 Feb, 2026 08:02 PM

लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित गोपाल नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब एक प्रिंटिंग कारोबारी के हाथ पर अचानक कहीं से आकर गोली लग गई। घायल कारोबारी दिनेश कुमार शर्मा को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
लुधियाना (राज): लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित गोपाल नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब एक प्रिंटिंग कारोबारी के हाथ पर अचानक कहीं से आकर गोली लग गई। घायल कारोबारी दिनेश कुमार शर्मा को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि वह अपने घर से महज कुछ ही दूरी पर रहने वाले एक दोस्त से मिलने के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक उन्हें अपनी बाईं बाजू में कुछ तेज जलन और कुछ गर्म लगने का एहसास हुआ। जब उन्होंने घबराकर अपनी बाजू की तरफ देखा तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि वहां से खून का फव्वारा फूट रहा था और उन्हें गोली मारी गई थी।
हैरानी की बात तो यह है कि पीड़ित दिनेश कुमार के मुताबिक उनकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश या जानी दुश्मनी नहीं है। एक साधारण कामकाजी व्यक्ति पर इस तरह दिन-दिहाड़े हुए जानलेवा हमले ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। वारदात के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए घायल दिनेश को संभाला और पुलिस को सूचित किया। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच का जाल बिछा दिया है और हमलावरों की तलाश में इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इस कारोबारी पर गोली किसने और क्यों चलाई।