Edited By Sarita Thapa,Updated: 27 Feb, 2026 08:38 AM

दिल्ली से माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और उत्साहजनक खबर है। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के निर्माण के साथ अब राजधानी से कटरा की दूरी न केवल कम हो जाएगी, बल्कि सफर का समय भी आधा रह जाएगा।
Mata Vaishno Devi News : दिल्ली से माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और उत्साहजनक खबर है। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के निर्माण के साथ अब राजधानी से कटरा की दूरी न केवल कम हो जाएगी, बल्कि सफर का समय भी आधा रह जाएगा। वर्तमान में दिल्ली से कटरा पहुंचने में लगभग 12 से 14 घंटे का समय लगता है। इस नए एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने के बाद यह दूरी 727 किमी से घटकर 588 किमी रह जाएगी। इससे श्रद्धालु मात्र 6 घंटे में माता के दरबार पहुंच सकेंगे। इसी तरह, दिल्ली से अमृतसर का सफर भी महज 4 घंटे में पूरा होगा।
धार्मिक कॉरिडोर के रूप में विकास
लगभग ₹40,000 करोड़ की लागत से बन रहे इस 6-लेन एक्सप्रेसवे को एक रिलिजियस कॉरिडोर माना जा रहा है। यह मार्ग देश के दो बड़े धार्मिक स्थलों- अमृतसर के स्वर्ण मंदिर और कटरा के वैष्णो देवी मंदिर को सीधा जोड़ेगा।
एक्सप्रेसवे की खास विशेषताएं
रफ़्तार और सुरक्षा: इस हाईवे पर वाहनों की गति सीमा 120 किमी/घंटा तय की गई है। सुरक्षा के लिए पूरे रास्ते में सीसीटीवी और आधुनिक कंट्रोल सिस्टम होंगे।
विश्व स्तरीय सुविधाएं: यात्रियों की सुविधा के लिए रास्ते में 40 से अधिक एमिनिटी सेंटर बनाए जा रहे हैं, जिनमें फूड कोर्ट, ट्रॉमा सेंटर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पेट्रोल पंप जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
अत्याधुनिक निर्माण: जम्मू-सांबा सेक्शन में लगभग 21.5 किमी का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जा रहा है, ताकि स्थानीय यातायात को प्रभावित किए बिना एक्सप्रेसवे का संचालन हो सके।
कब तक होगा तैयार ?
अपडेट के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे का काम तेजी से चल रहा है। हालांकि हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्से पहले ही चालू हो चुके हैं, लेकिन पूरे प्रोजेक्ट के मार्च 2027 तक पूरी तरह चालू होने की संभावना है। वहीं, जम्मू-कठुआ पैच के कुछ हिस्सों को 2026 की अमरनाथ यात्रा से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ