Edited By Subhash Kapoor,Updated: 02 Apr, 2026 09:12 PM

कलयुगी पत्नी ने अपने पवित्र रिश्ते को शर्मसार करते हुए अपनी करतूत छिपाने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को गाड़ी के नीचे कुचल दिया। गुरबाणी की पंक्ति “जा को राखे साईंयां मार सके ना कोए” के अनुसार पति बाल-बाल बच गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो...
मुल्लांपुर दाखा (कालिया): कलयुगी पत्नी ने अपने पवित्र रिश्ते को शर्मसार करते हुए अपनी करतूत छिपाने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को गाड़ी के नीचे कुचल दिया। गुरबाणी की पंक्ति “जा को राखे साईंयां मार सके ना कोए” के अनुसार पति बाल-बाल बच गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक सरकारी विभाग में कार्यरत व्यक्ति स्थानीय बस स्टैंड पर खड़ा था। तभी उसकी नजर अपनी पत्नी पर पड़ी, जो उसकी काली स्कॉर्पियो गाड़ी चला रही थी और उसके साथ उसका प्रेमी भी बैठा था। पति ने गाड़ी को पहचान कर उसे रुकने का इशारा किया।
शाम करीब 5 बजे जब स्कॉर्पियो उसके पास पहुंची, तो पहले पत्नी ने गाड़ी रोकी, लेकिन जैसे ही वह पास आई, उसने अचानक पति के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और उसे कुचलते हुए अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। गनीमत यह रही कि पति इस हमले में बच गया, लेकिन उसे गंभीर चोटें आईं और उसके कपड़े तक फट गए।
मौके पर मौजूद लोगों और ट्रैफिक इंचार्ज परमजीत सिंह ने घायल व्यक्ति को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। ट्रैफिक इंचार्ज ने बताया कि पहले इसे सामान्य हादसा समझा गया, लेकिन जब घायल ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की करतूत बताई, तो सभी हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि पति और पत्नी दोनों अलग-अलग सरकारी विभागों में कार्यरत हैं। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और हर कोई पत्नी की इस हरकत की कड़ी निंदा कर रहा है। अब देखना होगा कि पीड़ित पति अपनी पत्नी के खिलाफ थाना दाखा में शिकायत दर्ज करवाता है या नहीं, लेकिन फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा तेज है।