Edited By Tanuja,Updated: 02 Apr, 2026 12:28 PM

मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिकी जनता को पत्र लिखकर कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच टकराव और बातचीत दोनों विकल्प खुले हैं। उन्होंने शांति की अपील की, लेकिन आक्रामकता का जवाब देने की चेतावनी भी दी।
International Desk: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिकी जनता के नाम एक खुला पत्र लिखकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच टकराव और बातचीत दोनों रास्ते अभी भी खुले हैं। पेजेश्कियन ने अपने पत्र में साफ कहा कि ईरान की आम अमेरिकी लोगों से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर अमेरिका आक्रामकता दिखाता है, तो ईरान उसका मजबूती से जवाब देगा।उन्होंने दुनिया को चेतावनी देते हुए कहा कि आज का समय बेहद अहम है और टकराव का रास्ता अब पहले से ज्यादा महंगा और बेकार साबित होगा।
उनके मुताबिक, यह फैसला आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को तय करेगा कि दुनिया बातचीत चुनेगी या संघर्ष। ईरानी राष्ट्रपति ने अपने देश के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि हजारों वर्षों में ईरान ने कई हमलों का सामना किया है और हर बार मजबूत होकर उभरा है, जबकि हमलावर इतिहास में बदनाम होकर रह गए। ईरान ने एक तरफ शांति और बातचीत का संकेत दिया है, तो दूसरी ओर सख्त चेतावनी भी दी है। यह बयान दिखाता है कि हालात बेहद संवेदनशील हैं और आगे का रास्ता पूरी दुनिया के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।