Edited By Pardeep,Updated: 09 Mar, 2026 01:10 AM

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले को टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं बीच मैच में खेल के...
स्पोर्ट्स डेस्कः आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया। वहीं बीच मैच में खेल के दौरान एक दिलचस्प और तनावपूर्ण पल देखने को मिला। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का बड़ा स्कोर बनाया।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत काफी खराब रही और टीम ने 72 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे।
11वें ओवर में हुआ विवाद
न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल के बीच अचानक विवाद हो गया। इस ओवर की पहली गेंद पर Mitchell Santner ने एक रन लिया। इसके बाद अगली दो गेंदों पर डेरिल मिचेल ने अर्शदीप सिंह को लगातार दो छक्के लगा दिए। चौथी गेंद वाइड रही। इसके बाद दोबारा डाली गई गेंद पर मिचेल ने एक्स्ट्रा कवर की दिशा में शॉट खेला, लेकिन कोई रन नहीं बना।
अर्शदीप के थ्रो से भड़के मिचेल
ओवर की पांचवीं गेंद पर मिचेल ऑफ स्टंप के बाहर जाकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गेंद सीधे अर्शदीप सिंह के पास चली गई। अर्शदीप ने गेंद उठाकर सीधे मिचेल की तरफ थ्रो कर दिया, जो जाकर बल्लेबाज को लग गई। गेंद लगते ही मिचेल काफी नाराज हो गए और गुस्से में अर्शदीप की तरफ बढ़ने लगे।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कराया शांत
इस स्थिति को देखकर भारतीय टीम के कप्तान Suryakumar Yadav तुरंत बीच में आए और मिचेल को शांत कराया। वहीं मैदान पर मौजूद अंपायर ने भी अर्शदीप सिंह से बात कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।
ओवर खत्म होने के बाद खत्म हुआ विवाद
हालांकि यह विवाद ज्यादा देर तक नहीं चला। जब 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर मिचेल ने एक रन लिया तो ओवर खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मामला वहीं खत्म कर दिया।
ज्यादा रन नहीं बना सके मिचेल
फाइनल मुकाबले में डेरिल मिचेल अपनी टीम के लिए बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो पाए। उन्होंने 11 गेंदों में 17 रन बनाए और बाद में Axar Patel की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। इस मुकाबले में भारतीय टीम का दबदबा साफ नजर आया और न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार विकेट गंवाती रही।