Edited By jyoti choudhary,Updated: 21 Mar, 2026 11:18 AM

ईरान-इजराइल युद्ध के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हलचल तेज होती दिख रही है। कुछ इलाकों में ईंधन के दाम बढ़ने शुरू हो गए हैं और एक बड़े महानगर में लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इन दो दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 40...
बिजनेस डेस्कः ईरान-इजराइल युद्ध के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हलचल तेज होती दिख रही है। कुछ इलाकों में ईंधन के दाम बढ़ने शुरू हो गए हैं और एक बड़े महानगर में लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इन दो दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 40 पैसे प्रति लीटर से अधिक का इजाफा हो चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर आने वाले दिनों में भारत में भी दिखाई दे सकता है। हालांकि फिलहाल भारत में ईंधन की कीमतों पर काफी हद तक नियंत्रण बना हुआ है, जबकि अन्य देशों में दाम पहले ही काफी बढ़ चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी है। खाड़ी क्षेत्र का कच्चा तेल 112 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी क्रूड भी 98 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कारोबार कर रहा है। शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों में करीब 3 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। विश्लेषकों का कहना है कि अगर ईरान-इजराइल संघर्ष लंबा खिंचता है, तो कच्चा तेल 150 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को भी पार कर सकता है।
चेन्नई में लगातार दूसरे दिन बढ़े दाम
देश के चार प्रमुख महानगरों में से तीन—दिल्ली, कोलकाता और मुंबई—में फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर है। कोलकाता में पेट्रोल 105.41 रुपए और डीजल 92.02 रुपए प्रति लीटर पर बना हुआ है, जबकि मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपए और डीजल 90.03 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर हैं।
वहीं चेन्नई में लगातार दूसरे दिन ईंधन के दाम बढ़े हैं। पेट्रोल की कीमत 17 पैसे बढ़कर 101.23 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 20 पैसे बढ़कर 92.81 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। पिछले दो दिनों में यहां पेट्रोल 43 पैसे और डीजल 42 पैसे प्रति लीटर महंगा हो चुका है।
कुल मिलाकर, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में जारी तेजी और भू-राजनीतिक तनाव के चलते आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।