Edited By jyoti choudhary,Updated: 07 Jan, 2026 10:19 AM

सोने-चांदी की कीमतें अपने रिकॉर्ड लेवल पर बनी हुई हैं। हालांकि दोनों कीमती धातुओं में आज मामूली गिरावट देखने को मिल रही है। MCX पर सोने का भाव 0.56 फीसदी की गिरावट के साथ 1,38,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर है। चांदी के भाव 1.44 फीसदी लुढ़के हैं, ये...
बिजनेस डेस्कः सोने-चांदी की कीमतें अपने रिकॉर्ड लेवल पर बनी हुई हैं। हालांकि दोनों कीमती धातुओं में आज (7 जनवरी) मामूली गिरावट देखने को मिल रही है। MCX पर सोने का भाव 0.56 फीसदी की गिरावट के साथ 1,38,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर है। चांदी के भाव 1.44 फीसदी लुढ़के हैं, ये 2,55,089 रुपए प्रति किलोग्राम पर है। इंटरनैशल मार्केट में भी दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रही है।
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत
दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत में लगातार चौथे दिन तेजी रही और यह 1,100 रुपए बढ़कर 1,41,500 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। मजबूत वैश्विक रुख के साथ सोने के दाम में तेजी आई है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। सोमवार को, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,40,400 रुपए प्रति 10 ग्राम रही थी। सर्राफा संघ ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 1,100 रुपए बढ़कर 1,41,500 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘मंगलवार को सोने में बढ़त जारी रही। इसे कमजोर अमेरिकी डॉलर और फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की नरम टिप्पणियों का समर्थन मिला, जिससे आने वाले महीनों में ब्याज दरों में संभावित कटौती को लेकर बाजार की उम्मीदों को बल मिला।'' सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में भी लगातार तीसरे दिन तेजी जारी रही और यह 7,000 रुपए बढ़कर 2,51,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों को मिलाकर) हो गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,44,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।