Edited By jyoti choudhary,Updated: 13 Jun, 2026 03:05 PM

हिताची एनर्जी इंडिया गुजरात में बड़े बिजली ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण कारखाने की स्थापना के लिए लगभग 2,000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वह गुजरात के करजन (वडोदरा) में बड़ा बिजली ट्रांसफॉर्मर
नई दिल्लीः हिताची एनर्जी इंडिया गुजरात में बड़े बिजली ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण कारखाने की स्थापना के लिए लगभग 2,000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वह गुजरात के करजन (वडोदरा) में बड़ा बिजली ट्रांसफॉर्मर (एलपीटी) कारखाना स्थापित करने के लिए करीब 2,000 करोड़ रुपए का निवेश कर रही है। कंपनी ने कहा कि वह भारत और दुनिया भर में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपनी विनिर्माण क्षमता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कंपनी के अनुसार, नया कारखाना भारत में भरोसेमंद, दक्ष और उच्च गुणवत्ता वाले बिजली उपकरणों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद करेगा। साथ ही यह ऊर्जा क्षेत्र की आपूर्ति श्रृंखला को और मजबूत तथा आत्मनिर्भर बनाने में भी योगदान देगा। यह कारखाना वित्त वर्ष 2027-28 तक तैयार होने की उम्मीद है। हिताची एनर्जी इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन. वेणु ने कहा, ''यह निवेश भारत के ऊर्जा क्षेत्र के भविष्य और वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में देश की बढ़ती भूमिका में हमारे विश्वास को दर्शाता है। विनिर्माण क्षमता का विस्तार कर हमारा स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने, कुशल रोजगार सृजित करने और देश के ऊर्जा एवं सतत विकास लक्ष्यों को समर्थन देने वाले नवोन्मेषी समाधान उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।''