Edited By jyoti choudhary,Updated: 05 Sep, 2026 03:27 PM

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक ICICI Bank में 9.99 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीदने की भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मिल गई है। बैंक की ओर से शेयर बाजार को दी गई जानकारी में यह बताया गया है। रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक,...
नई दिल्लीः भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक ICICI Bank में 9.99 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीदने की भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मिल गई है। बैंक की ओर से शेयर बाजार को दी गई जानकारी में यह बताया गया है। रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, ICICI Bank को RBI का मंजूरी पत्र 4 सितंबर 2026 को रात 9:09 बजे प्राप्त हुआ।
एक साल के भीतर करनी होगी हिस्सेदारी की खरीद
RBI की मंजूरी के तहत LIC को यह हिस्सेदारी मंजूरी पत्र की तारीख से एक साल के भीतर खरीदनी होगी। अगर इस अवधि में अधिग्रहण नहीं किया जाता है, तो RBI की मंजूरी स्वतः समाप्त हो जाएगी। हालांकि, हिस्सेदारी खरीदने की प्रक्रिया संबंधित सभी वैधानिक और नियामकीय नियमों के अधीन होगी। RBI ने मंजूरी के साथ कुछ शर्तें भी रखी हैं, जिनका पालन LIC को करना होगा।
HDFC Bank में भी 9.99% हिस्सेदारी की मंजूरी
यह पहली बार नहीं है जब LIC को किसी बड़े निजी बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाने की अनुमति मिली है। इससे पहले RBI ने LIC को HDFC Bank में भी 9.99 फीसदी तक हिस्सेदारी हासिल करने की मंजूरी दी थी।
HDFC Bank की 19 अगस्त की रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, RBI ने LIC के आवेदन को मंजूरी देते हुए बैंक की चुकता शेयर पूंजी या वोटिंग राइट्स में 9.99 फीसदी तक अतिरिक्त हिस्सेदारी हासिल करने की अनुमति दी थी।
बैंकिंग सेक्टर में LIC की बढ़ती मौजूदगी
LIC देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी है और देश के प्रमुख वित्तीय संस्थानों में उसकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। ICICI Bank और HDFC Bank जैसे बड़े निजी बैंकों में हिस्सेदारी बढ़ाने की RBI की मंजूरी से बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में LIC की रणनीतिक मौजूदगी और मजबूत होने की संभावना है।
हालांकि, मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि LIC को तुरंत 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीदनी ही होगी। उसे RBI की तय समयसीमा और अन्य लागू नियमों के भीतर रहकर निवेश का फैसला करना होगा।