Delhi Bullion Market: सोने-चांदी में बड़ी गिरावट! चांदी 11,000 से ज्यादा टूटी, सोना भी फिसला

Edited By Updated: 28 Mar, 2026 10:45 AM

major plunge in gold and silver silver drops by over 11 000

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को कीमती धातुओं की कीमतों में पांच प्रतिशत तक की गिरावट आई। चांदी 11,250 रुपए लुढ़ककर 2.30 लाख रुपए प्रति किलोग्राम रही, जबकि सोना टूटकर 1.47 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के...

बिजनेस डेस्कः राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को कीमती धातुओं की कीमतों में पांच प्रतिशत तक की गिरावट आई। चांदी 11,250 रुपए लुढ़ककर 2.30 लाख रुपए प्रति किलोग्राम रही, जबकि सोना टूटकर 1.47 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 11,250 रुपए यानी लगभग पांच प्रतिशत लुढ़ककर 2,30,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जो बुधवार को बाजार बंद होने के समय 2,41,250 रुपए प्रति किलोग्राम थी। राम नवमी के कारण बृहस्पतिवार को सर्राफा बाजार बंद थे। 

सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,900 रुपए यानी 1.3 प्रतिशत टूटकर 1,47,800 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया। पिछली बाजार सत्र में सोने की कीमत 1,49,700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। विश्लेषकों ने कहा कि सर्राफा कीमतें अस्थिर रहीं, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक संकेतों ने निवेशकों की कारोबारी धारणा को प्रभावित किया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 37.19 डॉलर यानी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 4,416 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 0.23 प्रतिशत बढ़कर 68.12 डॉलर प्रति औंस पर थी। 

मिराए एसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि कच्चे तेल के दाम में नरमी के बीच सस्ती कीमतों पर लिवाली के चलते सोना लगभग 4,420 डॉलर प्रति औंस तक चढ़ गया, लेकिन बाद में वैश्विक बाजारों में तेल की कीमतों में सुधार आने से इसकी बढ़त कम हो गई। उन्होंने कहा कि निवेशक शुक्रवार को जारी होने वाले अमेरिका के आगामी वृहद आर्थिक आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें उपभोक्ता धारणा और मुद्रास्फीति की उम्मीदें शामिल हैं। इन आंकड़ों से निकट भविष्य में सर्राफा कीमतों को दिशा मिलने की संभावना है।
 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!