मर्सिडीज-बेंज इंडिया हाइब्रिड वाहन लाना रखेगी जारी, नीतिगत समर्थन का अभाव बाधा नहीं: सीईओ

Edited By Updated: 23 Jul, 2026 05:15 PM

mercedes benz india to continue bringing hybrid vehicles

जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज भारतीय बाजार में हाइब्रिड वाहनों की अपनी पेशकश जारी रखेगी। कंपनी का कहना है कि भले ही इस प्रौद्योगिकी के लिए नीतिगत प्रोत्साहन का अभाव हो, फिर भी वह ग्राहकों की अंतर्निहित मांग को पूरा करने के लिए...

नई दिल्लीः जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज भारतीय बाजार में हाइब्रिड वाहनों की अपनी पेशकश जारी रखेगी। कंपनी का कहना है कि भले ही इस प्रौद्योगिकी के लिए नीतिगत प्रोत्साहन का अभाव हो, फिर भी वह ग्राहकों की अंतर्निहित मांग को पूरा करने के लिए हाइब्रिड गाड़ियां लाती रहेगी। मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने अपने एएमजी ई 53 प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहन (पीएचईवी) के दो संस्करण क्रमशः 1.45 करोड़ रुपए और 1.48 करोड़ रुपए (भारत में शोरूम कीमत) की कीमत पर पेश किए हैं। 

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संतोष अय्यर ने कहा कि हाइब्रिड वाहन उन ग्राहकों के लिए एक माध्यम का काम करते हैं, जो अभी पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा, "दीर्घकालिक रूप से देखा जाए तो विद्युतीकरण ही अंतिम लक्ष्य है। लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू यह भी है कि लगभग 75 प्रतिशत ग्राहक अब भी कुछ व्यावहारिक कारणों से पूरी तरह ईवी को प्राथमिकता नहीं दे रहे हैं।" अय्यर ने कहा कि चार्जिंग बुनियादी ढांचा और सीमित दूरी को लेकर चिंता जैसे कारक अब भी इलेक्ट्रिक वाहनों की स्वीकार्यता की गति को प्रभावित कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा, "हमारे लिए प्लग-इन हाइब्रिड (ऐसा वाहन जिसमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी होती है और जिसकी बैटरी को बाहरी बिजली स्रोत से चार्ज किया जा सकता है) प्रौद्योगिकी उन ग्राहकों के लिए एक सेतु का काम करती है, जो अभी पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए तैयार नहीं हैं। इससे ग्राहकों को पेट्रोल इंजन की सुविधा के साथ इलेक्ट्रिक वाहन चलाने का अनुभव भी मिलता है।"

दिल्ली की इलेक्ट्रिक वाहन नीति में ऐसे वाहनों के लिए प्रोत्साहन नहीं मिलने जैसे नीतिगत समर्थन के अभाव के बावजूद हाइब्रिड मॉडल पेश करने के सवाल पर अय्यर ने कहा, "जहां भी अवसर और संभावनाएं होंगी, हम 'प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल' पेश करना जारी रखेंगे।" अय्यर ने कहा कि कंपनी नीति-निर्माताओं के इलेक्ट्रिक वाहनों पर विशेष ध्यान को समझती है और उसका सम्मान करती है लेकिन वह ग्राहकों को विकल्प उपलब्ध कराना चाहती है ताकि वे पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने से पहले हाइब्रिड प्रौद्योगिकी का अनुभव प्राप्त कर सकें।  
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!