Edited By Anu Malhotra,Updated: 05 Apr, 2026 07:50 AM

LPG संकट के बीच दिल्ली सरकार ने प्रवासी मजदूरों को एक बड़ी राहत दी। अक्सर घर से दूर किराए के कमरों में रहने वाले इन कामगारों के लिए बिना स्थानीय Address Proof के Gas Connection मिलना लगभग नामुमकिन था। लेकिन अब दिल्ली सरकार के खाद्य और आपूर्ति विभाग...
नेशनल डेस्क: अक्सर पढ़ाई या नौकरी के सिलसिले में घर से दूर रहने वाले लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती एक अदद गैस कनेक्शन पाने की होती थी। किराए के मकान में रहने वालों या बार-बार शहर बदलने वाले मजदूरों के पास अक्सर उस जगह का स्थायी पता (Permanent Address) नहीं होता, जिसके कारण एजेंसियां उन्हें नया कनेक्शन देने से मना कर देती थीं, लेकिन अब इसका पक्का इलाज मिल गया है। केंद्र सरकार और भारत पेट्रोलियम व इंडियन ऑयल जैसी दिग्गज तेल कंपनियों ने एक ऐसी योजना शुरू की है, जिसके तहत आप बिना किसी एड्रेस प्रूफ के भी एलपीजी सिलेंडर हासिल कर सकते हैं।
छोटू और मिनी सिलेंडर का कमाल
तेल कंपनियों ने बाजार में 5 किलो के छोटे सिलेंडर उतारे हैं, जिन्हें Indian oil 'इंडेन छोटू' और भारत पेट्रोलियम 'भारत गैस मिनी' के नाम से बेच रही हैं। ये सिलेंडर खासतौर पर उन लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं जिनकी खपत कम है या जो पोर्टेबिलिटी चाहते हैं। सबसे खास बात यह है कि इसे खरीदने के लिए आपको अब भारी-भरकम कागजी कार्रवाई या पते के सबूत की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप महज अपना आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस दिखाकर तुरंत सिलेंडर अपने साथ ले जा सकते हैं।
महज 10 मिनट में आसान प्रक्रिया
इस सिलेंडर को पाने की प्रक्रिया बेहद सरल है। आपको बस अपनी नजदीकी अधिकृत गैस एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाना होगा। वहां अपनी पहचान का प्रमाण (ID Proof) पेश करें, जरूरी भुगतान करें और 10 मिनट के भीतर गैस सिलेंडर आपके हाथ में होगा। यह उन युवाओं और छात्रों के लिए वरदान साबित हो रहा है जो हॉस्टल या पीजी में रहते हैं। साथ ही, इसमें एक सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना होता है, जिसे भविष्य में सिलेंडर वापस करने पर आप रिफंड के तौर पर वापस भी पा सकते हैं।
तेल कंपनियों ने लोगों को सलाह दी है कि वे किसी भी भ्रम में न आएं और केवल रजिस्टर्ड एजेंसियों या आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए ही बुकिंग करें।किसी भी तरह की मदद या जानकारी के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 भी जारी किया है, ताकि आम आदमी को रसोई गैस के लिए भटकना न पड़े।