अकाल तख्त साहिब को चुनौती देना अक्षम्य अपराध, मान और पूरा मंत्रिमंडल इस्तीफा दे : तरुण चुघ

Edited By Updated: 19 Jun, 2026 01:33 PM

akal takht sahib

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद तरुण चुघ व पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों गुरुवार को अमृतसर पहुंचे।

अमृतसर (कमल, सर्बजीत): भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद तरुण चुघ व पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों गुरुवार को अमृतसर पहुंचे। 

कंपनी बाग पनोरमा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि आज अत्यंत दुख और पीड़ा का विषय है कि श्री गुरु हरगोबिंद साहिब द्वारा स्थापित श्री अकाल तख्त साहिब जैसी सर्वोच्च धार्मिक संस्था को पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार चुनौती देने का दुस्साहस कर रही है। 

चुघ ने कहा कि जब श्री अकाल तख्त साहिब ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को तलब कर वीडियो विवाद के संबंध में जवाब मांगा, तब मुख्यमंत्री ने दावा किया कि संबंधित वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) से बनाई गई है और उसकी जांच कराई जाए।  2 स्वतंत्र और प्रमाणिक एजैंसियों द्वारा की गई जांच ने स्पष्ट कर दिया कि वीडियो वास्तविक है, उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं हुई है और मुख्यमंत्री का दावा पूरी तरह असत्य था। 

चुघ ने कहा कि स्वयं अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां अमर्यादित, असामाजिक, गैर जिम्मेदाराना और आपत्तिजनक हैं। उन्होंने कहा कि जब पंजाब के मुख्यमंत्री को अकाल तख्त साहिब द्वारा ‘गुरु द्रोही’ और ‘सिख विरोधी’ घोषित किया जा चुका है तथा सामाजिक रिश्ते तोड़ने जैसी गंभीर टिप्पणी की गई है, तब भगवंत मान को एक क्षण भी मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक, सामाजिक और राजनीतिक अधिकार नहीं बचता। 

उन्हें अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ तत्काल इस्तीफा देकर अकाल तख्त साहिब के समक्ष प्रस्तुत होकर पश्चाताप करना चाहिए।
चुघ ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पश्चाताप करने के बजाय अकाल तख्त साहिब को ही चुनौती दे रहे हैं। अकाल तख्त साहिब की मर्यादा पर प्रश्नचिन्ह लगाना और उसके निर्णयों पर राजनीतिक चुनौती खड़ी करना अत्यंत गंभीर अपराध है। 

चुघ ने कहा कि उन्होंने आज पवित्र धाम में माथा टेक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शीघ्र विकसित भारत के निर्माण, विश्व शांति तथा पंजाब की समृद्धि के लिए अरदास की है। 

उन्होंने कहा कि पंजाब को आर्थिक संकट, नशे के जाल और गैंगस्टर संस्कृति से बाहर निकालना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, लेकिन भगवंत मान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। 

इससे पूर्व सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ ने भाजपा नेताओं के साथ माथा टेका। उन्होंने परिक्रमा में स्थित लगी छबील और बर्तन धोने की सेवा भी की। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!