Edited By Prachi Sharma,Updated: 31 Mar, 2026 10:26 AM

भगवान हनुमान, ज्ञान के प्रदायक हैं और जहां ज्ञान है वहां अविद्या मिट जाती है फिर स्वतः ही सभी समस्याएं भी दूर हो जाती हैं क्योंकि समस्याएं अज्ञानता से ही उत्पन्न होती हैं। अविद्या हमें असत्य से जोड़ती है, उसी के कारण ही एक मनुष्य स्वयं को...
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
अतुलित बलधामं हेम शैलाभदेहं
दनुज वन कृशानुं ज्ञानिनामग्रगण्यम्
सकल गुननिधानम वानराणामधीशं
रघुपति प्रियभक्तं वातजातं नमामि
वह जो अतुलनीय शक्ति का भंडार है, जिनकी देह स्वर्ण पर्वत जैसी है, जो आसुरिक शक्तियों के नाशक हैं, जो ज्ञानियों के भी ज्ञानी हैं और सर्वगुण सम्पन्न हैं, जो भगवान राम के अति प्रिय भक्त हैं, हे श्री हनुमान मैं आपको नमन करता हूं।
भगवान हनुमान, ज्ञान के प्रदायक हैं और जहां ज्ञान है वहां अविद्या मिट जाती है फिर स्वतः ही सभी समस्याएं भी दूर हो जाती हैं क्योंकि समस्याएं अज्ञानता से ही उत्पन्न होती हैं। अविद्या हमें असत्य से जोड़ती है, उसी के कारण ही एक मनुष्य स्वयं को रिश्ते-नाते, रुपया-पैसा, स्वास्थ्य, प्रतिष्ठा आदि से जीवन भर स्वयं को बांधे रखता है। यह सब तो एक थोड़े समय के लिए ही हैं जिनका छूटना निश्चित है और जब इनके छूटने की बारी आती है तब बहुत कष्ट होता है। क्या इस दुनियां में कुछ भी ऐसा है जिसे आप सदा के लिए पकड़ कर रख सकें, यहां तक कि आपका अपना शरीर भी आपका नहीं है और यहीं रह जायेगा। यह सब जानते हुए भी हम अल्पकालिक का पीछा करते रहते हैं और इससे परेशान होते हैं।
ज्ञान और जानकारी, दो विभिन्न स्तर हैं, दोनों में फर्क है। ज्ञान आपका अपना अनुभव है जिसे गुरु प्रदान करते हैं और जानकारी या सूचना मस्तिष्क के लिए है। ज्ञान आपके अहंकार को खत्म करता है जबकि अधिक से अधिक जानकारी की प्राप्ति मनुष्य अहंकार को बढाती है। यही अहंकार मनुष्य को वास्तविकता से दूर करता है और योग के मार्ग में एक बहुत बड़ी बाधा बन जाता है।
यदि आप अपने आस-पास विद्वान जनों पर दृष्टि डालें तो उन्हें अहंकार से भरा हुआ पाएंगे, वहीं दूसरी ओर भगवान शिव के रूद्र अवतार श्री हनुमान ज्ञान के भंडार हैं जिनका पराक्रम, शक्ति और क्षमताएं अतुलनीय हैं,किन्तु फिर भी उन्होंने भगवान राम के चरणों में अपना स्थान बनाया। वह एक ज्ञानी थे इसलिए उन्होंने सृष्टि के संरक्षण के कार्य में विष्णु के अवतार राम को अपना जीवन समर्पित किया।
हनुमान कोई मिथ्या शक्ति नहीं हैं। वह अभी भी पृथ्वी पर मौजूद हैं किन्तु एक अर्ध- सुप्त अवस्था में क्योंकि उस शक्ति को जागृत करने वाला कोई नहीं है। गुरु द्वारा निर्धारित विशेष मन्त्रों और यज्ञ के माध्यम से उनकी शक्ति को जगाने के लिए और इच्छा पूर्ति के लिए हनुमान जयंती एक पवित्र और शक्तिशाली दिवस है।
हनुमान को संकट मोचन कहा जाता है, अर्थात सभी कष्टों को दूर करने वाले। उनकी जयंती को कष्टों के निवारण के लिए सबसे शक्तिशाली दिन माना जाता है,” गुरुजी कहते हैं।
अश्विनी गुरुजी ध्यान आश्रम