Edited By Niyati Bhandari,Updated: 31 Jul, 2026 10:40 AM

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले की जांच अब नए सिरे से की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद गठित नई विशेष जांच टीम (एस.आई.टी.) ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर जांच की रणनीति तय की और अब तक हुई...
अयोध्या (इंट.): श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले की जांच अब नए सिरे से की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद गठित नई विशेष जांच टीम (एस.आई.टी.) ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर जांच की रणनीति तय की और अब तक हुई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पुलिस जांच की प्रगति, जुटाए गए दस्तावेजी एवं डिजिटल साक्ष्यों, बैंक कर्मियों की भूमिका तथा मामले में अब तक की गई कार्रवाई का फीडबैक लिया गया। एस.आई.टी. ने जेल में बंद आठों आरोपियों की स्थिति के साथ-साथ उन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जो अभी जांच एजैंसियों के राडार पर हैं।
नई एस.आई.टी. की अध्यक्षता लखनऊ रेंज के आई.जी. किरण एस. कर रहे हैं। टीम में अयोध्या रेंज के डी.आई.जी. सोमेन बर्मा और अयोध्या के एस.एस.पी. डॉ. गौरव ग्रोवर भी शामिल हैं। पहले एस.एस.पी. और डी.आई.जी. पुलिस जांच की निगरानी कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें औपचारिक रूप से एस.आई.टी. का सदस्य बनाकर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
बैंकिंग के लिए तय की गई नई साइनिंग अथॉरिटी
इस बीच, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बैंकिंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नई साइनिंग अथॉरिटी भी तय कर दी है। ट्रस्ट ने अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन, वरिष्ठ सदस्य जगदीश आफले और चार्टर्ड अकाऊंटैंट चंदन राय को बैंक खातों के संचालन के लिए अधिकृत किया है। बैंक से किसी भी प्रकार का भुगतान इन 3 में से किसी भी 2 अधिकृत हस्ताक्षरों के आधार पर किया जाएगा।