तिरुपति यात्रा का बना रहे हैं प्लान तो दर्शन से पहले जरूर पढ़ें ये काम की पूरी गाइडलाइन

Edited By Updated: 10 Sep, 2026 02:53 PM

tirupati balaji mandir darshan rules

हर साल तिरुपति जाने के अपने व्यक्तिगत अनुभव से मैं यह बात बहुत जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं, बिना किसी पूर्व बुकिंग के सिर्फ यह सोचकर तिरुपति न जाएं कि वहां पहुंचकर सीधे दर्शन हो जाएंगे। ऐसा बहुत कम होता है।

Tirupati Balaji Mandir Darshan Rules : हर साल तिरुपति जाने के अपने व्यक्तिगत अनुभव से मैं यह बात बहुत जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं, बिना किसी पूर्व बुकिंग के सिर्फ यह सोचकर तिरुपति न जाएं कि वहां पहुंचकर सीधे दर्शन हो जाएंगे। ऐसा बहुत कम होता है। सामान्यत: बिना पूर्व दर्शन बुकिंग के तिरुपति जाना आपका अनुभव खराब कर सकता है। तिरुपति में बिना टिकट के ‘सर्वदर्शन’ में 12 से 24 घंटे या उससे भी अधिक का समय लग सकता है। इसलिए यदि आप समय बचाना चाहते हैं और सुकून से दर्शन करना चाहते हैं, तो यह विस्तृत गाइड आपके बहुत काम आएगी।

Tirupati Balaji Mandir Darshan Rules

तिरुपति और तिरुमला का अंतर समझें
तिरुपति मुख्य शहर है, जहां रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट स्थित हैं, वहीं तिरुमला वह पवित्र पहाड़ी है जहां मुख्य श्री वेंकटेश्वर स्वामी का मंदिर है। तिरुपति शहर से तिरुमला पहाड़ी की दूरी घाट रोड के जरिए लगभग 35 से 40 मिनट की है। पूरा तिरुमला क्षेत्र टी.टी.डी. (तिरुमला तिरुपति देवस्थानम) बोर्ड द्वारा बेहद व्यवस्थित तरीके से मैनेज किया जाता है। कुछ भी प्राइवेट नहीं है।

दर्शन टिकट की व्यवस्था (सबसे महत्वपूर्ण)

ऑनलाइन : 300 रुपए स्पैशल एंट्री दर्शन
यात्रा की योजना बनाते समय सबसे पहला प्रयास टी.टी.डी. की आधिकारिक वैबसाइट से 300 रुपए वाला स्पैशल एंट्री दर्शन टिकट बुक करने का होना चाहिए। इसके ऑनलाइन स्लॉट हर महीने खुलते हैं और रेलवे के तत्काल टिकट की तरह कुछ ही मिनटों में फुल हो जाते हैं। यदि आपको यह टिकट मिल जाता है, तो अपने निर्धारित रिपोॄटग टाइम पर पहुंचने पर आप मात्र 2 से 3 घंटे के अंदर बहुत ही सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन करके बाहर आ जाते हैं। यदि ऑनलाइन टिकट न मिले तो निराश न हों, लेकिन फिर घंटों लाइन में लगने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहें।

तिरुपति शहर में बने काऊंटरों (जैसे रेलवे स्टेशन के पास विष्णु निवासम, श्रीनिवासम और अलिपिरी के पास भूदेवी कॉम्प्लैक्स) से ‘फ्री टाइम-स्लॉट’ (एस.एस.डी.) टोकन दिए जाते हैं। ध्यान रखें कि इन काऊंटरों पर सुबह से ही भारी भीड़ होती है और टोकन लेने की लाइन में ही 5 से 7 घंटे लग जाते हैं। अगर कोई भी टिकट या टोकन न हो, तो तिरुमला पहाड़ी पर वैकुंठम क्यू कॉम्प्लैक्स की सीधी सर्वदर्शन लाइन में लगना पड़ता है, जहां भीड़ और दिन के अनुसार दर्शन में 15 से 30 घंटे तक का समय लग सकता है।

मेरी मानें तो अगर आपके पास पहले से ऑनलाइन बुकिंग नहीं है तो वीकैंड पर कतई मत जाइए। पैदल चढ़कर जाने वाले भक्तों के लिए अलिपिरी और श्रीवारी मेट्टू मार्ग पर अलग से सीमित टोकन मिलते हैं। दर्शन का सबसे सुगम और प्रीमियम माध्यम ‘बिगिनिंग ब्रेक दर्शन’ और ‘ब्रेक दर्शन’ है, जिसमें मात्र एक-दो घंटे में बिना किसी धक्का-मुक्की के बहुत ही दिव्य दर्शन होते हैं। यह कोटा वी.वी.आई. पीज, प्रोटोकॉल और बोर्ड मैंबर्स की सिफारिश से मिलता है। आम भक्त टी.टी.डी. के श्रीवाणी ट्रस्ट में 10,000 रुपए का दान देकर भी 500 रुपए का ‘वी.आई.पी. ब्रेक दर्शन’ टिकट ले सकते हैं। हालांकि, कई बार इसके लिए भी सिफारिश चाहिए होती है और इसके लिए तिरुमला में जे.ई.ओ. ऑफिस पर लाइन लगानी पड़ती है।

तिरुपति के एयरपोर्ट पर भी 10,000 रुपए दान वाला विशेष काऊंटर होता है। यदि फ्लाइट से आ रहे हैं और किस्मत अच्छी है, तो एयरपोर्ट पर उतरते ही सेम-डे डोनेशन देकर ‘वी.आई.पी. दर्शन’ टिकट प्राप्त कर सकते हैं। दर्शन टिकट किसी भी क्लास का हो, उसका हार्ड कॉपी पिंटिंग जरूर लें क्योंकि मोबाइल फोन ले जाना अलाऊड नहीं है। मोबाइल या तो लॉकर में जमा करेंगे या कमरे पर छोड़ के जाइए। और हां, इस बार तो चश्मे भी चैक हो रहे थे कि कहीं कोई रिकॉॄडग डिवाइस तो नहीं है।

Tirupati Balaji Mandir Darshan Rules

भाषा की चुनौती और आपका व्यवहार
उत्तर भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भाषा एक बड़ी समस्या बन सकती है। तिरुमला और तिरुपति में मुख्य रूप से तेलुगु और कन्नड़ भाषाएं बोली जाती हैं। टूटी-फूटी हिंदी या अंग्रेजी में ही काम चलाना पड़ेगा। ऐसे में कई बार संवाद की वजह से परेशानी हो सकती है। मेरी सलाह है कि आप जरा भी झुंझलाएं नहीं, गुस्सा न करें और न ही ऊंची आवाज में बात करें। अपना धैर्य बनाए रखें और बहुत ही शांत व आराम से अपनी बात समझाने की कोशिश करें। दर्शन के लिए पुरुषों को धोती, कुर्ता पायजामा और महिलाओं को साड़ी, युवतियों को पारंपरिक परिधान पहनना जरूरी है। घबराइए नहीं अगर आप भूल गए हैं तो भी तिरुमाला के कोने-कोने में आपको धोती-साड़ी की दुकानें मिल जाएंगी। कमर से नीचे कोई भी वैस्टर्न परिधान अनुमन्य नहीं है। धोती के साथ शर्ट चलेगी लेकिन अगर पायजामा पहन रहे हैं तो कुर्ता ही पहनिएगा।

टी.टी.डी. गैस्ट हाऊस और रुकने के नियम
तिरुमला पहाड़ी पर टी.टी.डी. के ए.सी. और नॉन-ए.सी. दोनों तरह के गैस्ट हाऊस और कॉटेज उपलब्ध हैं। जिनके पास ऑनलाइन दर्शन टिकट होता है, उन्हीं को कमरे मिलते हैं। सर्वदर्शन की तरह बिना बुकिंग के भी लाइन में लगकर कमरे मिलते हैं। कमरे साफ-सुथरे और अच्छे स्टैंडर्ड के होते हैं। रूम बुक करते समय रैंट के साथ सिक्योरिटी डिपॉजिट भी लिया जाता है, जो कमरा खाली करते ही सीधे आपके बैंक खाते में रिफंड आ जाता है। अगर कमरा नहीं मिलता तो लोग तिरुपति शहर से ही आकर दर्शन करते हैं।

तिरुपति बालाजी में मनौतियां पूरी होने पर भगवान वेंकटेश्वर को बाल अर्पित करने का विशेष धार्मिक महत्व है। इसके लिए तिरुमला में मुख्य ‘कल्याण कट्टम’ बना है, जहां चौबीसों घंटे मुंडन की नि:शुल्क व्यवस्था रहती है। यदि आपने टी.टी.डी. के गैस्ट हाऊस/कॉटेज की बुकिंग पहले से करा रखी है, तो आपको मुख्य कल्याण कट्टा की लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ती; कई बड़े गैस्ट हाऊस परिसरों में ही विशेष काऊंटर बने होते हैं, जहां अपनी रूम बुकिंग दिखाकर आप बिना किसी भीड़-भाड़ के आसानी से बाल दान कर सकते हैं।

पहचान पत्र की सख्त अनिवार्यता
तिरुपति और तिरुमला की पूरी व्यवस्था आधार से कनैक्टेड और बेहद पारदर्शी है। आप चाहे कितने भी बड़े वी.आई.पी. हों या आम भक्त दर्शन टिकट लेने, रूम अलॉटमैंट कराने या सेवाओं का लाभ लेने के लिए अपना मूल आधार कार्ड साथ रखना अनिवार्य है। वहां आपका लाइव फोटो और बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन होता है, उसी के आधार पर आपको एंट्री और रूम अलॉट किया जाता है।

खान-पान : साऊथ इंडियन स्वाद का आनंद लें
तिरुमला में टी.टी.डी. द्वारा लीज पर दिए गए कई बड़े रेस्तरां हैं। उत्तर भारतीय यात्रियों के लिए खास सलाह है कि परेशान होने से बेहतर है कि आप वहां के विशुद्ध दक्षिण भारतीय भोजन का आनंद लें। ताजा, गर्म और स्वादिष्ट इडली, डोसा, वड़ा, पोंगल और वैराइटी राइस हर जगह आसानी से उपलब्ध रहते हैं। वहां की फिल्टर कॉफी शानदार होती है। तिरुमला में स्थित ‘अन्नप्रसादम भवन’ में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं को शुद्ध, सात्विक दक्षिण भारतीय भोजन (चावल, सांबर, रसम, चटनी, छाछ) नि:शुल्क परोसा जाता है।

कैसे पहुंचें और आसपास की दर्शनीय जगहें
तिरुपति का अपना रेनिगुंटा एयरपोर्ट है, जो दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से जुड़ा है। ट्रेन और रोड कनेक्टिविटी भी बहुत शानदार है; चेन्नई से बाय-रोड यह मात्र 3-4 घंटे की दूरी पर है। आसपास के अन्य पावन स्थानों के दर्शन भी करें जैसे तिरुपति में तिरुचानूर स्थित श्री पद्मावती ( लक्ष्मी) अम्मवारी मंदिर, कपिला तीर्थम और तिरुमला पहाड़ी पर स्थित अद्भुत प्राकृतिक चट्टान ‘शिलातोरण’ व श्रीवारी पादालु। तिरुपति यात्रा की सफलता केवल आपकी दर्शन टिकट की पूर्व प्लानिंग पर निर्भर करती है। कोशिश करें कि ऑनलाइन टिकट बुक करके ही जाएं।

Tirupati Balaji Mandir Darshan Rules

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!