Edited By Sarita Thapa,Updated: 11 Oct, 2026 08:28 AM

‘चलो बुलावा आया है, मैया ने बुलाया है’ माता रानी के जयकारों और भक्ति के उल्लास के बीच विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री माता वैष्णो देवी भवन शारदीय नवरात्रों के स्वागत के लिए भव्य रूप से सजकर तैयार हो गया है।
कटड़ा (अमित): ‘चलो बुलावा आया है, मैया ने बुलाया है’ माता रानी के जयकारों और भक्ति के उल्लास के बीच विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री माता वैष्णो देवी भवन शारदीय नवरात्रों के स्वागत के लिए भव्य रूप से सजकर तैयार हो गया है। रविवार से शुरू होने वाले नवरात्र महोत्सव को लेकर भवन सहित यात्रा मार्ग पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मां भगवती के दर्शन करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला तेज होने लगा है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ रहे हैं। पहले नवरात्र पर मां के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त करने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
शारदीय नवरात्रों के 9 दिनों में मां वैष्णो देवी के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसी के चलते प्रशासन द्वारा सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। समूचे यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती के साथ-साथ ए.आई. तकनीक युक्त कैमरों से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम से हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं यात्रा के प्रवेशद्वार दक्षिणी ड्योढ़ी ताराकोट सहित हैलिपैड पर हर श्रद्धालु को पर्याप्त जांच के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है। श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ौतरी के मद्देनजर वैष्णो देवी यात्रा के दौरान आर.एफ.आई.डी. कार्ड लेना अनिवार्य किया गया है। बिना आर.एफ. आई.डी. कार्ड के किसी भी श्रद्धालु को वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ