Edited By Mansi,Updated: 11 Jul, 2026 03:42 PM

फिल्म 'हनुमान अंश' 31 जुलाई 2026 को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म को देशभर में सिनेपोलिस रिलीज करेगा। यह फिल्म भारतीय संत परंपरा, भक्ति और सेवा की भावना को बड़े पर्दे पर पेश करने का प्रयास करती है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। आस्था, सेवा और आध्यात्मिकता की कहानी लेकर फिल्म 'हनुमान अंश' बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है। स्वयंभू मीडिया नेटवर्क की यह फिल्म श्री नीब करौरी बाबा के जीवन, उनके विचारों और मानवता के प्रति दिए गए संदेशों से प्रेरित है। फिल्म का टीजर रिलीज हो चुका है और अब दर्शकों को इसके सिनेमाघरों में आने का इंतजार है।
31 जुलाई 2026 को देशभर में रिलीज होगी 'हनुमान अंश'
फिल्म 'हनुमान अंश' 31 जुलाई 2026 को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म को देशभर में सिनेपोलिस रिलीज करेगा। यह फिल्म भारतीय संत परंपरा, भक्ति और सेवा की भावना को बड़े पर्दे पर पेश करने का प्रयास करती है।
विशाल चतुर्वेदी ने संभाली लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी
इस आध्यात्मिक फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी हैं। फिल्म में शोभिना डब्ल्यू सत्या, विहान एस हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के रस्तोगी और गुलशन पांडे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण रागिनी एस, नम्रता जी सिंह, अनुप्रिया ए नागर और विशाल चतुर्वेदी ने किया है।
श्री नीब करौरी बाबा के संदेशों को दिखाएगी फिल्म
'हनुमान अंश' सिर्फ एक बायोपिक नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सेवा, विश्वास और समर्पण की कहानी है। फिल्म में श्री नीब करौरी बाबा के उस संदेश को केंद्र में रखा गया है, जिसमें उन्होंने मानवता को प्रेम और सेवा का रास्ता दिखाया था। उनका संदेश था- "सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो, सबको भोजन कराओ और राम को याद रखो।" श्री नीब करौरी बाबा का प्रभाव केवल भारत तक सीमित नहीं रहा है। दुनियाभर में कई बड़े उद्योगपति, कलाकार, खिलाड़ी और श्रद्धालु उनके विचारों से प्रभावित रहे हैं। स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग, जूलिया रॉबर्ट्स, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसे चर्चित नाम भी बाबा और उनके आश्रम से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाओं को लेकर चर्चा में रहे हैं।
भक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित फिल्मों की बढ़ी लोकप्रियता
पिछले कुछ वर्षों में दर्शकों के बीच आध्यात्मिक और भारतीय संस्कृति से जुड़ी फिल्मों की लोकप्रियता बढ़ी है। भक्ति और धार्मिक विषयों पर बनी फिल्मों को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इसी कड़ी में 'हनुमान अंश' भी एक ऐसी कहानी लेकर आ रही है, जो मनोरंजन के साथ-साथ दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभव देने का प्रयास करेगी। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म केवल श्री नीब करौरी बाबा के अनुयायियों तक सीमित नहीं है। यह उन सभी लोगों के लिए है जो जीवन में शांति, प्रेम और सही मार्ग की तलाश करते हैं। फिल्म में गुरु-शिष्य संबंध, सेवा भावना और आत्मिक विश्वास को प्रमुखता दी गई है।
निर्माताओं ने बताया 'हनुमान अंश' को सेवा का प्रयास
फिल्म के निर्माताओं ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए केवल एक फिल्म नहीं बल्कि सेवा का माध्यम है। उनका उद्देश्य श्री नीब करौरी बाबा के प्रेम, विनम्रता, सेवा और राम भक्ति के संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है।
टीजर रिलीज, दर्शकों में बढ़ी उत्सुकता
'हनुमान अंश' का टीजर पहले ही रिलीज किया जा चुका है, जिसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता देखने को मिल रही है। भक्ति से भरा संगीत, भावनात्मक कहानी और बाबा के जीवन से जुड़े संदेश इस फिल्म को एक अलग पहचान देने की कोशिश करते हैं।