Edited By Mansi,Updated: 24 Aug, 2026 04:51 PM

करण देओल ने बताया कि सलमान खान ने ‘बटवारा 1947’ देखने के बाद सनी देओल की परफॉर्मेंस की तारीफ की और फिल्म को पसंद किया।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म ‘बटवारा 1947’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है। भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर इंसानियत और रिश्तों की कहानी कहने वाली इस फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की कहानी और कलाकारों की परफॉर्मेंस की कई सेलेब्स तारीफ कर चुके हैं।
अब बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का नाम भी फिल्म की तारीफ करने वालों की लिस्ट में शामिल हो गया है। करण देओल ने एक बातचीत के दौरान बताया कि सलमान खान ने सनी देओल को फोन कर ‘बटवारा 1947’ देखने के बाद फिल्म और उनकी परफॉर्मेंस की तारीफ की।
करण देओल ने बताया सलमान का रिएक्शन
सलमान खान के देओल परिवार के साथ रिश्ते के बारे में बात करते हुए करण देओल ने कहा कि सलमान उनके परिवार से बहुत प्यार करते हैं और हमेशा उनके साथ खड़े रहते हैं। करण ने सलमान को सपोर्टिव और दिल का अच्छा इंसान बताते हुए उनके साथ परिवार के रिश्ते की भी बात की। फिल्म पर सलमान के रिएक्शन का जिक्र करते हुए करण ने बताया कि अभिनेता ने फोन किया था। उन्होंने कहा कि सलमान को फिल्म पसंद आई और उन्होंने खास तौर पर सनी देओल के काम की तारीफ की।
करण के मुताबिक, सलमान ने उन्हें बताया कि उन्हें फिल्म अच्छी लगी और सनी देओल की परफॉर्मेंस भी पसंद आई। सलमान की यह प्रतिक्रिया फिल्म की टीम के लिए खास मानी जा रही है।
स्टारकास्ट ने बटोरी तारीफ
‘बटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म में बंटवारे के दौर की उथल-पुथल के बीच इंसानियत, रिश्तों और एकता को केंद्र में रखा गया है।
फिल्म के जरिए निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी भी करीब तीन दशक बाद बड़े पर्दे पर वापस आई है। दोनों की पिछली फिल्मों की लोकप्रियता को देखते हुए इस रीयूनियन का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था।
ए. आर. रहमान और जावेद अख्तर का भी जुड़ा नाम
‘बटवारा 1947’ का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है और इसे आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। ‘बटवारा 1947’ को 14 अगस्त 2026 को पार्टिशन डे के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया गया।
फिल्म को मिल रही तारीफ के बीच सलमान खान का सनी देओल की परफॉर्मेंस को पसंद करना देओल परिवार और फिल्म की टीम के लिए एक और खास सराहना के तौर पर देखा जा रहा है।