Edited By Mansa Devi,Updated: 12 Mar, 2026 12:06 PM

दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक WhatsApp आने वाले समय में अपने यूजर्स के लिए कई नए फीचर्स ला सकता है। कंपनी लगातार ऐप को बेहतर बनाने के लिए नए अपडेट पर काम कर रही है।
नेशनल डेस्क: दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक WhatsApp आने वाले समय में अपने यूजर्स के लिए कई नए फीचर्स ला सकता है। कंपनी लगातार ऐप को बेहतर बनाने के लिए नए अपडेट पर काम कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन फीचर्स में सब्सक्रिप्शन प्लान, ऐप आइकन और थीम कस्टमाइजेशन, क्लोज फ्रेंड्स स्टेटस लिस्ट, पैरेंटल कंट्रोल और प्रोफाइल कवर फोटो जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं। फिलहाल इन फीचर्स की टेस्टिंग बीटा वर्जन में की जा रही है। अगर टेस्टिंग सफल रहती है तो इन्हें धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है।
WhatsApp Plus नाम से आ सकता है सब्सक्रिप्शन प्लान
रिपोर्ट्स के अनुसार WhatsApp एक नया पेड सब्सक्रिप्शन प्लान शुरू करने की तैयारी में है, जिसे WhatsApp Plus कहा जा रहा है। इस प्लान के तहत यूजर्स को कुछ अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकती हैं। संभावित फीचर्स में क्लाउड स्टोरेज की सुविधा, एक अकाउंट को चार से ज्यादा डिवाइस में लॉगिन करने का विकल्प और कई नई थीम्स शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा यूजर्स को ऐप के अलग-अलग आइकन चुनने का विकल्प भी दिया जा सकता है, जिससे वे अपने फोन में ऐप का लुक बदल सकेंगे।
ऐप आइकन और थीम को अपनी पसंद से बदल सकेंगे यूजर
जल्द ही ऐसा फीचर भी आ सकता है, जिससे यूजर WhatsApp का डिजाइन अपनी पसंद के अनुसार बदल सकेंगे। इस फीचर की मदद से लोग होम स्क्रीन पर दिखने वाले ऐप आइकन का रंग या स्टाइल बदल पाएंगे। इसके साथ ही ऐप के अंदर की थीम को भी कस्टमाइज किया जा सकेगा। यानी चैट स्क्रीन, मेन्यू और अन्य इंटरफेस का लुक यूजर अपनी पसंद के अनुसार सेट कर पाएंगे। फिलहाल यह फीचर बीटा वर्जन में टेस्ट किया जा रहा है।
स्टेटस के लिए आएगा “Close Friends” फीचर
स्टेटस को ज्यादा प्राइवेट बनाने के लिए कंपनी “क्लोज फ्रेंड्स” फीचर पर भी काम कर रही है। अभी यूजर्स अपने स्टेटस को सभी कॉन्टैक्ट्स के साथ शेयर करते हैं या फिर कुछ लोगों से छिपा देते हैं। नए फीचर के आने के बाद यूजर अपने खास दोस्तों या भरोसेमंद लोगों की अलग लिस्ट बना सकेंगे। इसके बाद जब भी वे स्टेटस पोस्ट करेंगे, वह सिर्फ उसी चुनी हुई लिस्ट में मौजूद लोगों को दिखाई देगा।
बच्चों की सुरक्षा के लिए पैरेंटल कंट्रोल
ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए WhatsApp पैरेंटल कंट्रोल फीचर पर भी काम कर रहा है। इस फीचर के जरिए माता-पिता बच्चों के अकाउंट की गतिविधियों को बेहतर तरीके से नियंत्रित कर सकेंगे। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फीचर के तहत सेकेंडरी अकाउंट केवल फोन में सेव कॉन्टैक्ट्स को ही मैसेज या कॉल कर पाएगा और उन्हीं से कॉल या मैसेज प्राप्त कर सकेगा। इससे बच्चों के अनजान लोगों से संपर्क करने का जोखिम काफी कम हो सकता है।
प्रोफाइल कवर फोटो से बदलेगा प्रोफाइल का लुक
भविष्य में यूजर्स को प्रोफाइल कवर फोटो लगाने का विकल्प भी मिल सकता है। इस फीचर के जरिए यूजर अपने प्रोफाइल पर एक बड़ा बैनर फोटो लगा पाएंगे। यह फीचर सोशल मीडिया प्रोफाइल जैसा अनुभव देगा और इससे WhatsApp का प्रोफाइल पेज पहले से ज्यादा आकर्षक नजर आ सकता है।
आने वाले अपडेट से बदल सकता है यूजर एक्सपीरियंस
अगर ये सभी फीचर्स लॉन्च होते हैं तो WhatsApp का इस्तेमाल करने का अनुभव पहले से ज्यादा बेहतर और पर्सनलाइज्ड हो सकता है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी इन फीचर्स की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बीटा टेस्टिंग के बाद इन्हें जल्द रोलआउट किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।