Edited By Tanuja,Updated: 14 Oct, 2026 06:04 PM

ईरान की नौसेना ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंग से टकराने के बाद 2,500 कंटेनर लदा मालवाहक जहाज डूब गया। जहाज में आग लगने की भी जानकारी दी गई है। चालक दल की स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई और यूकेएमटीओ ने...
Tehran: ईरान की नौसेना ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद एक मालवाहक जहाज डूब गया। युद्ध के दौरान बारूदी सुरंग से टकराने के बाद किसी जहाज के डूबने की सूचना ईरान ने पहली बार दी है। इस घटना के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है। जहाज के चालक दल के सदस्यों के बारे में भी स्पष्ट जानकारी नहीं है। सरकारी टेलीविजन ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक बयान के हवाले से बताया कि जहाज बुधवार सुबह उस मार्ग से गुजर रहा था, जिसे ईरान ने अवैध और खतरनाक बताया, तभी वह बारूदी सुरंग से टकरा गया।
बयान के अनुसार, जहाज में आग लगने के समय उस पर 2,500 कंटेनर लदे हुए थे। ईरान ने बार-बार जहाजों को चेतावनी दी है कि वे उसकी अनुमति के बिना होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश न करें। हालांकि, जहाज के डूबने की घटना की तत्काल स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन निगरानी संगठन (यूकेएमटीओ) ने भी इस संबंध में कोई रिपोर्ट जारी नहीं की है।