Edited By Tanuja,Updated: 05 Oct, 2026 04:23 PM

ईरान के तेल मंत्री मोहसेन पाकनेजाद ने इस्तीफा दे दिया है, जिसे राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने स्वीकार कर लिया। राष्ट्रीय ईरानी तेल कंपनी के प्रमुख हामिद बोवार्ड को कार्यवाहक मंत्री बनाया गया है। पाकनेजाद ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया था। यह बदलाव...
Tehran: ईरान और अमेरिका के बीच जारी लंबे संघर्ष के बीच ईरान के तेल मंत्री मोहसेन पाकनेजाद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और सरकारी स्वामित्व वाली नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी के प्रमुख हामिद बोवार्ड को कार्यवाहक तेल मंत्री नियुक्त किया है।पाकनेजाद अगस्त 2024 से ईरान के तेल मंत्री थे। उनका इस्तीफा ऐसे समय हुआ है, जब ईरान का तेल क्षेत्र अमेरिका के प्रतिबंधों, तेल निर्यात पर बढ़ते दबाव और युद्ध के कारण पैदा हुई आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। हालांकि, ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय के अधिकारी के मुताबिक पाकनेजाद ने इस्तीफा निजी कारणों से काफी पहले दिया था और राष्ट्रपति ने पहले उसे स्वीकार नहीं किया था। बाद में पाकनेजाद के आग्रह पर राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा मंजूर किया।
राष्ट्रपति कार्यालय के संचार उप प्रमुख मेहदी तबाताबाई के अनुसार, पेज़ेशकियान ने पाकनेजाद का इस्तीफा स्वीकार करने के बाद हामिद बोवार्ड को कार्यवाहक तेल मंत्री नियुक्त किया। राष्ट्रपति के आदेश में बोवार्ड के अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का उल्लेख किया गया है। इस्तीफे की खबर सामने आने से कुछ समय पहले ही पाकनेजाद ने देश के तेल राजस्व को लेकर भरोसा जताया था। सरकारी मीडिया ने उनके हवाले से कहा था कि ईरान द्वारा पहले बेचे गए तेल से राजस्व अभी भी आ रहा है और यह आगे भी जारी रहने की उम्मीद है। वहीं, ईरान के तेल क्षेत्र पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका ने ईरान के तेल निर्यात और राजस्व को निशाना बनाने वाले प्रतिबंधों को कड़ा किया है। रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव ने भी ईरान के तेल कारोबार और समुद्री निर्यात को प्रभावित किया है।
कौन हैं हामिद बोवार्ड?
हामिद बोवार्ड नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी के प्रमुख रहे हैं और अब उन्हें अंतरिम तौर पर तेल मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे समय में जब ईरान के लिए तेल उत्पादन, निर्यात और उससे होने वाली आय बेहद महत्वपूर्ण हैं, बोवार्ड के सामने मंत्रालय और तेल क्षेत्र से जुड़ी बड़ी चुनौतियां होंगी। आधिकारिक जानकारी में मोहसेन पाकनेजाद के इस्तीफे का कारण निजी बताया गया है, जबकि उनका पद छोड़ना ऐसे समय हुआ है जब ईरान की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा क्षेत्र पर गंभीर दबाव बना हुआ है।