क्लास में बात करने की खौफनाक सजा; टीचर ने 4 वर्षीय बच्ची के हाथों और होंठों पर लगाई गर्म ग्लू, CCTV में कैद हुई शर्मनाक घटना

Edited By Updated: 07 Jun, 2026 01:53 PM

china teacher under probe after using glue gun to scald little girl

चीन के जियांगसू प्रांत में एक किंडरगार्टन शिक्षिका पर 4 साल की बच्ची के होंठ पर गर्म ग्लू गन लगाने का आरोप लगा है। क्लास में बात करने से नाराज शिक्षिका की यह हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई। बच्ची के होंठ पर गंभीर छाले पड़ गए, जिसके बाद शिक्षिका को...

International Desk:  चीन के जियांगसू प्रांत से बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किंडरगार्टन शिक्षिका पर आरोप है कि उसने कक्षा में बात करने से नाराज होकर चार साल की बच्ची के होंठ पर गर्म ग्लू गन लगा दी। इस घटना में बच्ची के होंठ बुरी तरह झुलस गए और उन पर गंभीर छाले पड़ गए। घटना के सामने आने के बाद शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है, जबकि पुलिस और शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह घटना 27 मई की सुबह जियांगसू प्रांत के फैक्सियन काउंटी स्थित एक किंडरगार्टन में हुई। आरोप है कि शिक्षिका बच्चों के कक्षा में बातचीत करने से नाराज थी।

 

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया कि उसने पहले एक छोटे लड़के को बुलाया और उसकी हथेली पर गर्म ग्लू लगा दी। दर्द होने पर लड़के ने हाथ पीछे खींच लिया, जिसके बाद उसे डांटकर भेज दिया गया। फुटेज के अनुसार इसके बाद शिक्षिका ने चार साल की बच्ची को अपने पास बुलाया। बच्ची वहां से हटने और बचने की कोशिश करती रही, लेकिन शिक्षिका ने उसे पकड़ लिया और उसके ऊपरी होंठ पर दो बार गर्म ग्लू लगा दी। बताया गया है कि पास में मौजूद एक पुरुष शिक्षक ने भी घटना के दौरान कोई हस्तक्षेप नहीं किया। पूरी घटना स्कूल के निगरानी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। शाम तक बच्ची के होंठ पर सूजन और बड़े छाले दिखाई देने लगे। बाद में उन छालों से मवाद निकलने लगी और दर्द के कारण बच्ची लगातार रोती रही।

 

और ये भी पढ़े

    सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
     माता-पिता उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए और पुलिस को शिकायत दी। जांच के दौरान उन्होंने स्कूल की सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसके बाद घटना की सच्चाई सामने आई। बच्ची की मां वीडियो देखने के बाद खूब रोई और कहा कि घटना से उनका दिल टूट गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक चार साल की बच्ची ने ऐसी क्या गलती कर दी थी कि उसके साथ इतना कठोर व्यवहार किया गया। मां के अनुसार शिक्षिका ने शुरुआत में दावा किया था कि बच्ची को चोट खुद लगी है। बाद में उसने इसे दुर्घटना बताया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज उसकी बातों का समर्थन नहीं करती।

     

    क्या होती है ग्लू गन?
    ग्लू गन एक इलेक्ट्रिक उपकरण होता है जिसमें विशेष ग्लू स्टिक को गर्म करके पिघलाया जाता है। इसका उपयोग आमतौर पर क्राफ्ट, सजावट और मुरम्मत के कामों में किया जाता है। गर्म ग्लू त्वचा पर लगने से जलन, फफोले और गंभीर छाले पड़ सकते हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षिका उसी ग्लू गन का इस्तेमाल बच्चों से सजावट संबंधी गतिविधियां करवाने की तैयारी में कर रही थी।
     

    शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
    घटना के बाद स्थानीय शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। स्कूल प्रशासन को शिक्षकों के आचरण और नैतिक प्रशिक्षण को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।  साथ ही प्रभावित बच्चों को मनोवैज्ञानिक सहायता और काउंसलिंग देने के लिए विशेषज्ञों की टीम भी तैनात की गई है। पुलिस शिक्षिका से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि शिक्षा का उद्देश्य बच्चों को सिखाना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है, न कि भय और हिंसा के जरिए अनुशासन लागू करना।
     

    Related Story

      img title
      img title

      Be on the top of everything happening around the world.

      Try Premium Service.

      Subscribe Now!