Edited By Tanuja,Updated: 13 Aug, 2026 01:52 PM

कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद ढही इमारत के मलबे से एक मासूम बच्चे को जिंदा बचाया गया। बचावकर्मियों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनकर हाथों से मलबा हटाया और उसे बाहर निकाला। हादसे में मृतकों की संख्या 216 पहुंच गई, जबकि हजारों लोग अब भी लापता...
Bogota: कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप के बाद हर तरफ तबाही और मातम का मंजर है, लेकिन इसी बीच मलबे के ढेर से 20 घंटे बाद जिंदगी की एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। कैलि में ढही इमारत के मलबे के नीचे एक व्यक्ति के साथ एक मासूम बच्चा फंसा हुआ था। बचावकर्मियों ने जब मलबे के बीच से बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो उन्होंने हाथों से कंक्रीट हटाना शुरू किया। कुछ ही देर बाद मासूम को जिंदा बाहर निकाल लिया गया और रेस्क्यू टीम खुशी से झूम उठी। मलबे से निकले एक 3 महीने के मासूम ने उम्मीद तो जगा दी, लेकिन अब उसी बच्चे की मां की जिंदगी के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जिंदगी और मौत की दौड़ बन गया है। पांच मंजिला इमारत के मलबे से बच्चा Salomón और उसके पिता Juan David Gómez को जिंदा बचा लिया गया। लेकिन बच्चे की 29 वर्षीय मां Valentina Vanegas Galiano और उसका छोटा भाई अभी भी उसी मलबे के नीचे फंसे हैं। जैसे-जैसे 72 घंटे की अहम समय-सीमा खत्म हो रही है, परिवार और बचाव दल की चिंता बढ़ती जा रही है।
मैं यहां हूं... मेरे साथ बच्चा है’
सोमवार सुबह कोलंबिया में जब 7.4 तीव्रता का भूकंप आया, तब कैलि की Torres del Limonar इमारत कुछ ही पलों में मलबे में बदल गई। इसी तबाही के बीच वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मलबे के अंदर से बेहद धीमी आवाज सुनी -“मैं यहां हूं... मेरे साथ एक बच्चा है।” यह आवाज बच्चे के पिता Juan David Gómez की थी। वह खुद मलबे में बुरी तरह फंसे हुए थे, लेकिन उनकी सबसे बड़ी चिंता उनका 3 महीने का बेटा Salomón था। रेस्क्यू टीम ने तुरंत काम शुरू किया। आसपास मौजूद लोगों ने अपने हाथों से मलबा हटाना शुरू किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि धूल से ढका छोटा सा बच्चा मलबे के बीच फंसा हुआ था। उसके पिता भी एक कंक्रीट की पटिया के नीचे दबे थे और उनका हाथ खून से लथपथ था। बचावकर्मियों ने बेहद सावधानी से रास्ता बनाया और आखिरकार मासूम Salomón को बाहर निकाल लिया। बच्चे को बाहर आते देखकर वहां मौजूद लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पिता ने बच्चे को बचाकर रखा
सबसे भावुक करने वाली बात यह रही कि पिता खुद मलबे में गंभीर रूप से फंसे होने के बावजूद बच्चे के साथ थे। रेस्क्यू में शामिल Brian Osorio Zuluaga ने बताया कि उन्होंने मलबे के नीचे से मदद की बेहद धीमी आवाज सुनी थी। जब उन्होंने आसपास के लोगों को शांत रहने के लिए कहा, तब उन्हें मलबे के अंदर से पिता की आवाज सुनाई दी। इसके बाद कई लोग मिलकर हाथों से मलबा हटाने लगे। एक भारी कंक्रीट स्लैब को संभालकर रखा गया, जबकि दूसरे लोग बच्चे तक पहुंचने का रास्ता बनाने में जुटे रहे। रेस्क्यू में शामिल लोगों के मुताबिक, जब उन्होंने बच्चे को देखा तो उसका सिर धूल से ढका हुआ था और उसका रंग बदला हुआ नजर आ रहा था। मलबे में फंसे होने के कारण उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी। बचावकर्मियों ने तेजी से उसे बाहर निकाला और मेडिकल टीम को सौंप दिया।बच्चे को मामूली चोटें और सिर पर हल्की चोट लगी है। फिलहाल वह अस्पताल में अपने पिता के साथ निगरानी में है।
अब मां की तलाश
मासूम और उसके पिता को बचाने के बाद रेस्क्यू टीम की सबसे बड़ी चुनौती अब Valentina Vanegas Galiano को ढूंढना है। 29 वर्षीय Valentina पेशे से आर्किटेक्ट हैं। वह उसी इमारत के मलबे में अपने छोटे भाई के साथ फंसी हुई हैं। परिवार के दोस्तों, आर्किटेक्ट्स, इंजीनियरों और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी रेस्क्यू टीम के साथ मिलकर तलाश शुरू कर दी है। Valentina के दोस्त Alejandra Montoya के मुताबिक, Juan David ने बचाव दल को बताया कि Valentina उनसे करीब 3 से 4 मीटर आगे, यानी इमारत के प्रवेश द्वार की दिशा में थीं। इसी जानकारी के आधार पर रेस्क्यू टीम मलबे के उन हिस्सों पर विशेष ध्यान दे रही है जहां किसी के जिंदा होने के संकेत मिलने की संभावना है। रेस्क्यू टीम के सामने अब समय सबसे बड़ी चुनौती है। भूकंप के बाद शुरुआती 72 घंटे मलबे में फंसे लोगों को जिंदा बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं।