Edited By Tanuja,Updated: 17 Oct, 2026 04:45 PM

अमेरिका के कोलोराडो में रहने वाले एयर ट्रैफिक कंट्रोलर जैकब हट्जलर पैरामोटर से उड़कर अपने दफ्तर पहुंचते हैं। पीठ पर मोटर और प्रोपेलर बांधकर वह करीब 20 मिनट में सफर पूरा करते हैं। उड़ान के दौरान उन्हें हवाई यातायात टावर से संपर्क और उतरने की अनुमति...
New York: रोजाना दफ्तर पहुंचने के लिए ट्रैफिक जाम में फंसना और घंटों सड़क पर बिताना कई लोगों के लिए परेशानी का सबब है। लेकिन अमेरिका के कोलोराडो में रहने वाले जैकब हट्जलर ने इससे बचने का अनोखा तरीका अपनाया है। वह कार या बस के बजाय पीठ पर मोटर और प्रोपेलर वाला पैरामोटर बांधकर आसमान में उड़ते हुए अपने कार्यस्थल पहुंचते हैं। उनके इस सफर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जैकब हट्जलर पेशे से एयर ट्रैफिक कंट्रोलर हैं। वह अपने दफ्तर आने-जाने के लिए पैरामोटर का इस्तेमाल करते हैं। उनके मुताबिक, इस अनोखे तरीके से उन्हें अपने कार्यस्थल तक पहुंचने में महज 20 मिनट लगते हैं। जैकब ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में अपनी इस रोमांचक यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पैरामोटर से उड़ान भरने के लिए किसी बड़े हवाई पट्टी की जरूरत नहीं होती। इसमें पीठ पर मोटर और प्रोपेलर वाला ढांचा बांधा जाता है और पैराग्लाइडर जैसे पंखों की मदद से हवा में उड़ान भरी जाती है।
जैकब के अनुसार, पैरामोटर के पिछले हिस्से में शक्तिशाली प्रोपेलर लगा होता है। इसे पीठ पर बांधने के बाद थोड़ी दूर दौड़कर उड़ान भरी जाती है। इसके बाद पंखों की मदद से हवा में आगे बढ़ा जा सकता है। वह अपनी उड़ान के लिए पैराजेट मेवरिक उपकरण का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें ओजोन सिरोको 3 का 18 मीटर का पंख लगा है। उनके मुताबिक, यह व्यवस्था गति, प्रदर्शन और नियंत्रण का अच्छा तालमेल देती है। जैकब अपने अपार्टमेंट परिसर से पैदल सड़क तक आते हैं। इसके बाद वह पंखों को उड़ान के लिए तैयार करते हैं और मोटर की तकनीकी जांच करते हैं। सब कुछ ठीक होने पर वह उड़ान भरते हैं और अपने कार्यस्थल की ओर रवाना हो जाते हैं। हालांकि, उनका यह सफर केवल उड़ान भरने तक सीमित नहीं है। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर होने के कारण उन्हें हवाई क्षेत्र के नियमों का भी पालन करना पड़ता है।
जैकब बताते हैं कि क्लास डेल्टा हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले उन्हें संबंधित टावर के साथ दोतरफा संपर्क स्थापित करना होता है। उड़ान के दौरान वह अपने सहकर्मियों से संपर्क करते हैं और हवाई अड्डे के दक्षिणी हिस्से में उतरने की अनुमति मांगते हैं। टावर से अनुमति मिलने के बाद वह सावधानीपूर्वक उतरते हैं। इस दौरान उन्हें हवा की स्थिति और सुरक्षित लैंडिंग से जुड़े निर्देशों का पालन करना पड़ता है। जैकब की इस अनोखी यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। खबर के अनुसार, इसे 1.35 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है और हजारों लोगों ने इस पर प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोग उनके इस अनूठे सफर को देखकर हैरान हैं, तो कई इसे रोजाना के आवागमन की समस्या से बचने का दिलचस्प तरीका मान रहे हैं। हालांकि, पैरामोटर से यात्रा करने के लिए उचित प्रशिक्षण, मौसम की अनुकूलता और हवाई यातायात के नियमों का पालन बेहद जरूरी है।