Edited By Tanuja,Updated: 08 Jun, 2026 11:17 AM

ईरान और इजराइल के बीच अप्रैल के युद्धविराम के बाद पहली बार सीधे मिसाइल और हवाई हमलों का आदान-प्रदान हुआ है। ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागीं, जिसके जवाब में इजराइल ने तेहरान, इस्फहान और तबरीज समेत कई इलाकों को निशाना बनाया। इससे मध्य पूर्व में बड़े...
International Desk: इजराइल की सेना ने सोमवार को अपने नागरिकों को चेतावनी दी कि ईरान ने एक बार फिर देश को निशाना बनाते हुए मिसाइलें दागी हैं। सेना ने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों और बंकरों में जाने तथा सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की। यह हमला ऐसे समय हुआ जब कुछ घंटे पहले ही इजराइल ने ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए तेहरान और अन्य क्षेत्रों में सैन्य ठिकानों पर मिसाइल एवं हवाई हमले किए थे। इजराइल का दावा है कि यह कार्रवाई ईरान द्वारा पहले किए गए हमलों के जवाब में की गई।
ईरान के ताजा मिसाइल हमलों के बाद इजराइल के कई इलाकों में सायरन बज उठे और लाखों लोगों को सुरक्षित ठिकानों की ओर जाना पड़ा। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आठ अप्रैल को लागू हुए युद्धविराम के बाद यह दोनों देशों के बीच अब तक की सबसे गंभीर सैन्य झड़प मानी जा रही है। हालिया घटनाक्रम ने पूरे मध्य पूर्व में एक बार फिर बड़े युद्ध की आशंकाओं को बढ़ा दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों पक्षों ने संयम नहीं बरता तो यह संघर्ष केवल ईरान और इजराइल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लेबनान, खाड़ी क्षेत्र और वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी अपनी चपेट में ले सकता है। ईरान पहले ही चेतावनी दे चुका है कि यदि उसके खिलाफ हमले जारी रहे तो वह क्षेत्र में अमेरिकी हितों और सैन्य ठिकानों को भी निशाना बना सकता है। ऐसे में पूरी दुनिया की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले घंटों में दोनों देशों की अगली सैन्य और कूटनीतिक चाल क्या होगी।