फ्रांस स्थित घर में मृत मिला एपस्टीन का करीबी डैनियल, लीक फाइलों में 1000 बार आया नाम

Edited By Updated: 23 Jul, 2026 05:20 PM

ling scout linked to epstein found dead in paris

जेफ्री एपस्टीन के करीबी फ्रांसीसी मॉडलिंग स्काउट डैनियल सियाद पेरिस स्थित अपने घर में मृत पाए गए। उन पर मानव तस्करी और यौन शोषण में एपस्टीन की मदद करने के आरोपों की जांच चल रही थी। एपस्टीन फाइलों में उनका नाम 1,000 से अधिक बार दर्ज है। पुलिस मौत के...

International Desk: अमेरिकी अरबपति और दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े फ्रांसीसी मॉडलिंग स्काउट डैनियल सियाद (69) अपने पेरिस स्थित घर में मृत पाए गए। उनकी मौत ऐसे समय हुई है, जब फ्रांस में उनके खिलाफ मानव तस्करी, महिलाओं के यौन शोषण और नाबालिग लड़कियों की भर्ती में कथित भूमिका को लेकर जांच चल रही थी। फ्रांसीसी अधिकारियों ने फिलहाल मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह प्राकृतिक मौत थी, आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

 

डैनियल सियाद लंबे समय से मॉडलिंग इंडस्ट्री से जुड़े रहे थे। जांच एजेंसियों का आरोप था कि उन्होंने जेफ्री एपस्टीन के लिए युवा महिलाओं और मॉडल्स से संपर्क स्थापित कराने में मदद की। हालांकि सियाद ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को लगातार खारिज किया। उनका कहना था कि उन्होंने कभी किसी अवैध गतिविधि में हिस्सा नहीं लिया और वे जांच अधिकारियों के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखना चाहते थे। अमेरिका में सार्वजनिक की गई एपस्टीन फाइल्स के 1,000 से अधिक दस्तावेजों में डैनियल सियाद का नाम दर्ज है। इन दस्तावेजों में उनके और एपस्टीन के बीच कई संदेश और संपर्कों का उल्लेख मिलता है।

 

2014 में एपस्टीन को भेजे गए एक संदेश में सियाद ने महिलाओं की तलाश करने के अपने काम की तुलना "मछली पकड़ने" से की थी। उन्होंने लिखा था—"इस काम में मैं खुद को कभी-कभी मछुआरा महसूस करता हूं। कभी जल्दी सफलता मिल जाती है, कभी एक भी मछली नहीं मिलती।" यह संदेश सार्वजनिक होने के बाद उनकी भूमिका पर और सवाल उठे थे। डैनियल सियाद का दावा था कि जेफ्री एपस्टीन ने उनके भरोसे का दुरुपयोग किया। उनका कहना था कि उन्हें एपस्टीन की कथित आपराधिक गतिविधियों की पूरी जानकारी नहीं थी और यदि उन्हें इसका अंदाजा होता तो वे उससे दूरी बना लेते। उन्होंने यह भी कहा था कि वह न्यायिक जांच में पूरा सहयोग करेंगे और अदालत में अपनी बेगुनाही साबित करेंगे।

 

सियाद के खिलाफ फ्रांस में कई महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। इनमें दुष्कर्म, यौन शोषण और मानव तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप शामिल थे। इन्हीं मामलों की जांच के तहत फ्रांसीसी जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही थीं। बता दें कि जेफ्री एपस्टीन अमेरिका का एक धनी कारोबारी था, जिस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और सेक्स ट्रैफिकिंग का आरोप लगा था। 2019 में गिरफ्तारी के बाद न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत हो गई थी। आधिकारिक तौर पर इसे आत्महत्या बताया गया था, हालांकि उसकी मौत को लेकर आज भी कई सवाल और साजिश के दावे सामने आते रहते हैं। एपस्टीन नेटवर्क से जुड़े कई प्रभावशाली लोगों के नाम समय-समय पर सार्वजनिक हुए हैं, जिनकी जांच विभिन्न देशों में अलग-अलग एजेंसियां कर रही हैं।
  

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!