Edited By Tanuja,Updated: 18 Apr, 2026 11:55 AM

ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने नाकाबंदी जारी रखने की बात कही, जबकि मोहम्मद बगेर गालिबाफ ने चेतावनी दी कि ऐसा हुआ तो ईरान इस रास्ते को बंद कर देगा।
International Desk: मध्य-पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर तीखी बयानबाज़ी शुरू हो गई है। यह इलाका दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यहीं से बड़ी मात्रा में तेल की सप्लाई होती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जब तक ईरान के साथ समझौता पूरा नहीं होता, तब तक अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकाबंदी जारी रखेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका फिर से बमबारी शुरू कर सकता है।
इस पर ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर गालिबाफ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका नाकाबंदी जारी रखता है तो ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर देगा। उन्होंने यह भी कहा कि यहां से गुजरने वाले जहाजों को अब ईरान के नियमों के अनुसार चलना होगा। गालिबाफ ने ट्रंप पर आरोप लगाया कि वह एक नंबर के झूठे हैं। उन्होंने एक घंटे में 7 दावे किए और सभी झूठे थे।
उन्होंने कहा कि ट्रंप न तो युद्ध में सफल हुए हैं और न ही बातचीत में। इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पहले कहा था कि युद्धविराम के दौरान होर्मुज से व्यापारिक जहाजों का आना-जाना जारी रहेगा। लेकिन ताजा बयान के बाद स्थिति फिर से अनिश्चित हो गई है। अगर होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होता है तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा, खासकर तेल की कीमतों पर। इससे भारत जैसे देशों की अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।