Edited By Mehak,Updated: 10 Sep, 2025 05:34 PM

अमेरिका में एक नई स्वास्थ्य चिंता तेजी से बढ़ रही है। यह बीमारी 'चागस रोग' (Chagas Disease) के नाम से जानी जाती है, जिसे आमतौर पर 'किसिंग बग डिज़ीज' (Kissing Bug Disease) भी कहा जाता है। अमेरिकी स्वास्थ्य संस्था CDC (Centers for Disease Control and...
नेशनल डेस्क : अमेरिका में एक नई स्वास्थ्य चिंता तेजी से बढ़ रही है। यह बीमारी 'चागस रोग' (Chagas Disease) के नाम से जानी जाती है, जिसे आमतौर पर 'किसिंग बग डिज़ीज' (Kissing Bug Disease) भी कहा जाता है। अमेरिकी स्वास्थ्य संस्था CDC (Centers for Disease Control and Prevention) ने चेतावनी दी है कि यह रोग अब 32 राज्यों में फैल चुका है।
चागस रोग क्या है?
यह बीमारी एक परजीवी (Trypanosoma Cruzi) के कारण होती है। यह परजीवी मुख्य रूप से ट्रायटोमाइन कीड़े यानी किसिंग बग के जरिए इंसानों और जानवरों में फैलता है। इस कीड़े को किसिंग बग इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह अक्सर चेहरे, खासकर होंठ और आंखों के आसपास काटता है। काटने के बाद यह कीड़ा अपने मल को त्वचा पर छोड़ देता है। यदि यह मल आंख, मुंह या किसी घाव के संपर्क में आ जाए, तो परजीवी शरीर में प्रवेश कर जाता है।
बीमारी कितनी फैल चुकी है?
CDC की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, किसिंग बग अब टेक्सास, कैलिफोर्निया, एरिजोना, टेनेसी, लुइसियाना, मिसिसिपी, मिसौरी और अरकंसास सहित 32 राज्यों में पाया जा चुका है। इनमें से 8 राज्यों में इंसानों में स्थानीय स्तर पर संक्रमण की पुष्टि हुई है। अमेरिका में अनुमान है कि करीब 2.8 से 3 लाख लोग इस रोग से संक्रमित हो सकते हैं, लेकिन ज्यादातर लोगों को इसका पता ही नहीं होता।

क्या है चागस रोग के लक्षण?
इस बीमारी के दो चरण होते हैं –
1. तीव्र चरण (Acute Phase) – कुछ हफ्तों या महीनों तक रहता है।
- आंखों में सूजन
- बुखार और थकान
- शरीर में दर्द
- भूख न लगना
- उल्टी या दस्त
- त्वचा पर चकत्ते
(कई मामलों में लक्षण बिल्कुल नहीं दिखते)
2. क्रोनिक चरण (Chronic Phase) – सालों तक चल सकता है।
- दिल की बीमारियां (हार्ट फेल, दिल का बढ़ना, धड़कन असामान्य होना)
- पाचन तंत्र की गंभीर दिक्कतें
- अचानक मौत की आशंका
संक्रमण कैसे फैलता है?
- मां से बच्चे में गर्भावस्था के दौरान
- संक्रमित खून या अंग प्रत्यारोपण से
- दूषित भोजन खाने से
- प्रयोगशाला दुर्घटना से
- संक्रमित जानवरों (कुत्ते, बिल्ली, जंगली जीव) से
क्यों बढ़ रहा है इसका ज्यादा खतरा?
- ग्लोबल वॉर्मिंग: गर्म मौसम किसिंग बग के फैलाव को बढ़ा रहा है।
- कम जागरूकता: लोग और डॉक्टर इस बीमारी के बारे में कम जानते हैं।
- जांच की कमी: अमेरिका में इसकी नियमित टेस्टिंग नहीं होती।
CDC की सिफारिश
CDC का मानना है कि अब चागस रोग को अमेरिका में स्थानिक बीमारी (Endemic) मानना चाहिए, ताकि इसकी जांच और जागरूकता बढ़ सके और समय पर इलाज संभव हो।