Edited By Tanuja,Updated: 26 Oct, 2026 12:31 PM

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की जीत पर मेक्सिको, क्यूबा, चिली, इक्वाडोर और अन्य देशों के नेताओं ने बधाई दी। अमेरिका के सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने भी उनका समर्थन किया। नेताओं ने लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय...
Brasília:अमेरिका महाद्वीप के नेताओं ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को विपक्षी उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो को हरा कर अभूतपूर्व चौथी बार राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर सोशल मीडिया पर बधाई दी। क्षेत्र के अन्य वामपंथी रुझान वाले नेताओं ने नतीजों पर विशेष रूप से तेजी से प्रतिक्रिया दी। लूला को लातिन अमेरिका के वामपंथी खेमे में एक सम्मानित नेता माना जाता है। उन्होंने 2003 से 2010 तक ब्राजील का शासन संभाला था। उस समय क्षेत्र के कई देशों में वामपंथी नेता सत्ता में थे। वर्ष 2023 में दोबारा सत्ता में लौटने के बाद से लूला, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुखर आलोचक रहे हैं। लूला की जीत पर मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने कहा, ''लोकतंत्र जिंदाबाद, ब्राजील की जनता की जीत हुई है।
राष्ट्रपति लूला को बधाई।'' क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने कहा, ''प्रिय भाई लूला, क्यूबा की सरकार और जनता की ओर से मैं आपको इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देता हूं। यह जीत आपके नेतृत्व में ब्राजील की जनता द्वारा अपनाए गए शांति, संप्रभुता और सामाजिक न्याय के मार्ग को जारी रखना सुनिश्चित करती है।'' वहीं, अर्जेंटीना की पूर्व राष्ट्रपति क्रिस्टीना किर्चनर ने कहा, ''कॉमरेड राष्ट्रपति लूला, आपको बधाई। आपने अपने सातवें राष्ट्रपति चुनाव में अपने हमवतन लोगों के जोश और विवेक को जगाया और उन्हें इस लड़ाई में जीत दिलाई।'' चिली के राष्ट्रपति जोस एंटोनियो कास्त ने कहा, ''चिली और ब्राजील के सामने साझा भविष्य की व्यापक संभावनाएं हैं।
हम अपने देशों के बीच आर्थिक एकीकरण और क्षेत्र में संगठित अपराध से मुकाबले के लिए संबंध मजबूत करने वाले एजेंडे पर काम जारी रखेंगे।'' इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ ने कहा, ''इस जीत के लिए लूला को बधाई। हमारे क्षेत्र के दुश्मन साझा हैं, चुनौतियां समान हैं और मिलकर काम करने पर हमें बहुत कुछ हासिल हो सकता है।'' इस बीच, पेरू के राष्ट्रपति केइको फुजीमोरी और बोलीविया के राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज ने भी लूला को बधाई दी। अमेरिका के सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने कहा, ''लूला ने ब्राजील के श्रमिकों और लोकतंत्र के पक्ष में आवाज उठाई है तथा अगले चार वर्षों में भी ऐसा करते रहेंगे।''