Edited By Pardeep,Updated: 23 Aug, 2026 11:35 PM

अमेरिका के मोंटाना स्थित ग्लेशियर नेशनल पार्क से एक चमत्कारिक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति 120 फीट की ऊंचाई से झरने के पास McDonald Creek (नदी) में गिर गया और बेहद गंभीर चोटों के बावजूद जिंदा बच गया। इस हादसे में देवदूत...
ग्लेशियर नेशनल पार्क (मोंटाना): अमेरिका के मोंटाना स्थित ग्लेशियर नेशनल पार्क से एक चमत्कारिक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति 120 फीट की ऊंचाई से झरने के पास McDonald Creek (नदी) में गिर गया और बेहद गंभीर चोटों के बावजूद जिंदा बच गया। इस हादसे में देवदूत बनकर आए एक राहगीर ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और उसकी जान बचा ली।
खिसक गई थी पैरों तले जमीन
उत्तरी कैरोलिना के रहने वाले केन नर्स अपनी पत्नी रेनी नर्स, परिवार और दोस्तों के साथ ग्लेशियर नेशनल पार्क घूमने आए थे। जब उनकी पत्नी ठंड के कारण कार में वापस चली गईं, तो केन मैकडोनाल्ड क्रीक के किनारे सुंदर दृश्य का बेहतर फोटो लेने के लिए थोड़ा आगे बढ़े। तभी अचानक वहां की जमीन धंस गई और वह सीधे करीब 120 फीट नीचे नदी की तेज धारा में जा गिरे. केन झरने के पानी के तेज बहाव में बहते चले गए।
राहगीर ने तुरंत किया रेस्क्यू, सीपीआर देकर लौटाईं सांसें
घटना के समय वहां मौजूद एक राहगीर (जिसकी पहचान बाद में जॉश के रूप में हुई) ने केन को नदी में मुंह के बल तैरते हुए देखा। जॉश ने तुरंत बहादुरी दिखाई और पानी में कूदकर केन को घसीटते हुए उथले पानी के पास लाया और उन्हें सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। इसके तुरंत बाद केन की धड़कनें वापस आ गईं। इसके बाद 'टू बीयर एयर रेस्क्यू' (Two Bear Air Rescue) के हेलीकॉप्टर की टीम ने मौके पर पहुंचकर केन को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
कई हड्डियां टूटीं, अस्पताल से मिली छुट्टी
इस भयानक हादसे में केन की जान तो बच गई, लेकिन उनके फेफड़ों में पानी भर गया था, कोहनी में गंभीर फ्रैक्चर हुआ जिसकी सर्जरी करनी पड़ी और उनकी कई पसलियां टूट गईं। उन्हें दो दिनों तक अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया था। केन ने नम आंखों से कहा कि वह अपनी जान बचाने वाले जॉश और रेस्क्यू टीम के बहुत आभारी हैं और वे सभी इस सम्मान के हकदार हैं। उनकी पत्नी रेनी ने फेसबुक पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि केन अब वेंटिलेटर से बाहर आ चुके हैं और वे अपने घर वापस लौटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।