Edited By Pardeep,Updated: 30 Mar, 2026 11:14 PM

पाकिस्तान से एक बेहद बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया तंत्र को सतर्क कर दिया है।
इंटरनेशनल डेस्कः पाकिस्तान से एक बेहद बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया तंत्र को सतर्क कर दिया है।
बताया जा रहा है कि भारतीय खुफिया एजेंसियों के सूत्रों ने भी ताहिर अनवर की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, उनकी मौत किन कारणों से हुई, इसका अब तक कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे रहस्य और गहरा हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, मोहम्मद ताहिर अनवर जैश-ए-मोहम्मद में एक अहम भूमिका निभाता था और संगठन की आतंकी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल था। उसकी मौत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन अभी तक आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।
बहावलपुर में होगा अंतिम संस्कार
जानकारी के अनुसार, ताहिर अनवर को पाकिस्तान के बहावलपुर स्थित जैश के मुख्यालय में दफनाया जाएगा। बताया जा रहा है कि जिस इलाके में उसकी मौत हुई, वहीं पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद 25 अक्टूबर 2025 को जैश की महिला विंग ‘जमात-उन-मोमिनत’ की शुरुआत की गई थी।

इस बीच, पाकिस्तान के सोशल मीडिया पर भी अनवर की मौत से जुड़े संदेश तेजी से वायरल हो रहे हैं। जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े लोगों द्वारा साझा किए गए एक मैसेज में लिखा गया है कि, “मौलाना मसूद अजहर के बड़े भाई हकीम मोहम्मद ताहिर अनवर का अल्लाह की मर्जी से इंतकाल हो गया है।”
मैसेज में आगे बताया गया है कि ताहिर अनवर की नमाज-ए-जनाजा रात 10:30 बजे बहावलपुर में जामिया उस्मान व अली के पास अदा की जाएगी। साथ ही उसे “नरम दिल और अच्छे इंसान” बताते हुए उसकी मगफिरत की दुआ की गई है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ में पहले ही खत्म हो चुका था परिवार
गौरतलब है कि पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 5-6 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था। इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान और पीओके में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की गई थी, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की खबर थी। इसी कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों को भी निशाना बनाया गया था। उस हमले में मसूद अजहर के परिवार को भारी नुकसान हुआ था। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस ऑपरेशन में उसके परिवार के 10 सदस्य और 4 करीबी मारे गए थे। जैश द्वारा जारी बयान में बताया गया था कि इस हमले में मसूद अजहर की बड़ी बहन, बहनोई, भांजे की पत्नी, भांजी और 5 बच्चे मारे गए थे। बहावलपुर की सुभान अल्लाह मस्जिद पर हुई बमबारी में ये सभी हताहत हुए थे।