Edited By Tanuja,Updated: 02 Jun, 2026 02:58 PM

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में ईद की छुट्टी पर घर आए एक अर्धसैनिक जवान की अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह पिछले पांच दिनों में सुरक्षा बलों पर तीसरा लक्षित हमला है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की...
International Desk: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने ईद की छुट्टी पर आए अर्धसैनिक बल के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी । पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हमला डेरा इस्माइल खान जिले के कुलाची मोड़ इलाके में हुआ और पिछले पांच दिनों में इस तरह की यह तीसरी घटना है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ईद की छुट्टियों में घर आया था, तभी हथियारबंद हमलावरों ने उसे निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है। डेरा इस्माइल खान, खास तौर से कुलाची क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा बलों पर लक्षित हमले हुये हैं । सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शांति बनाए रखने के लिए खुफिया-आधारित अभियान जारी रखे हुए हैं।