Edited By Pardeep,Updated: 15 Jun, 2026 12:48 AM

अमेरिका के मिसौरी प्रांत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां रविवार सुबह एक स्काईडाइविंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई है। हादसा इतना भीषण था कि विमान गिरते ही आग के गोले में तब्दील हो गया।
इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के मिसौरी प्रांत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां रविवार सुबह एक स्काईडाइविंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई है। हादसा इतना भीषण था कि विमान गिरते ही आग के गोले में तब्दील हो गया।
आसमान से बरसती मौत: एयरपोर्ट के पास ही गिरा विमान
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा कंसास सिटी से करीब 65 मील दूर दक्षिण में स्थित बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के पास रविवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। 'मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल' (MSHP) के मुताबिक, विमान एयरपोर्ट से सटे एक खेत में जा गिरा,। विमान के गिरते ही स्थानीय प्रशासन को 911 पर कॉल मिली कि एक प्लेन आग की लपटों से घिरा हुआ है।
मंजर देख कांप गई रूह
मौके पर पहुंचे हाईवे पेट्रोल के सर्जेंट जस्टिन इविंग ने घटनास्थल की स्थिति को "बेहद भयावह" (Brutal) बताया। उन्होंने जानकारी दी कि बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए इलाके की सड़कों को बंद कर दिया गया है।
जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के अनुसार, मारे गए लोगों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। घटनास्थल पर बटलर पुलिस विभाग, बेट्स काउंटी शेरिफ कार्यालय और MSHP की टीमें जांच और राहत कार्य में जुटी हुई हैं।