Edited By Sanjeev,Updated: 26 Oct, 2026 08:06 AM

ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (MND) ने सोमवार सुबह 6 बजे (UTC+8) तक ताइवान के आसपास पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के 3 विमान, PLA नौसेना (PLAN) के 6 जहाज और 9 सरकारी जहाजों की मौजूदगी का पता लगाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक बयान में...
ताइपे (ताइवान) : ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (MND) ने सोमवार सुबह 6 बजे (UTC+8) तक ताइवान के आसपास पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के 3 विमान, PLA नौसेना (PLAN) के 6 जहाज और 9 सरकारी जहाजों की मौजूदगी का पता लगाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक बयान में मंत्रालय ने कहा, 'आज सुबह 6 बजे (UTC+8) तक ताइवान के आसपास PLA के 3 विमान, PLAN के 6 जहाज और 9 सरकारी जहाज देखे गए।'
मंत्रालय के अनुसार इनमें से एक विमान ने 'मीडियन लाइन' (मध्य रेखा) को पार किया और ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी 'एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन ज़ोन' (ADIZ) में प्रवेश कर गया। रिपब्लिक ऑफ चाइना (ROC) के सशस्त्र बलों ने स्थिति पर नजर रखी और उचित कार्रवाई की। मंत्रालय ने आगे कहा, '3 में से 1 विमान ने मीडियन लाइन पार की और ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी ADIZ में प्रवेश कर गया। ROC सशस्त्र बल ने स्थिति पर नजर रखी और जवाब दिया।'
इससे पहले गुरुवार को ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (MND) ने बताया था कि सुबह 6 बजे (स्थानीय समय) तक ताइवान के आसपास के समुद्री इलाकों में चीन के 3 नौसैनिक जहाज और 7 सरकारी जहाज देखे गए थे। मंत्रालय के अनुसार रिपब्लिक ऑफ चाइना (ROC) के सशस्त्र बलों ने समुद्री गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी और स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधन तैनात किए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जारी एक बयान में ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने कहा, 'आज सुबह 6 बजे (UTC+8) तक ताइवान के आसपास PLAN के 3 जहाज और 7 सरकारी जहाज देखे गए। ROC सशस्त्र बल ने स्थिति पर नजर रखी और जवाब दिया।' मंत्रालय ने यह भी बताया कि 24 घंटे की निगरानी अवधि के दौरान ताइवान के आसपास कोई भी चीनी सैन्य विमान नहीं देखा गया।
मंत्रालय ने आगे कहा, 'चूंकि इस दौरान ताइवान के आसपास कोई PLA विमान नहीं देखा गया, इसलिए उड़ान मार्ग (फ्लाइट पाथ) का कोई विवरण नहीं दिया गया है।' 'द ताइपे टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार ताइवान की 'मेनलैंड अफेयर्स काउंसिल' (MAC) द्वारा जारी एक सर्वे से पता चलता है कि ताइवान के आधे से अधिक लोगों का मानना है कि ताइवान जलडमरूमध्य (Taiwan Strait) में शांति को नुकसान पहुंचाने के लिए चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) जिम्मेदार है। यह बीजिंग की गतिविधियों और ताइवान पर डाले जा रहे दबाव को लेकर जनता की बढ़ती चिंता को दर्शाता है।
'द ताइपे टाइम्स' के मुताबिक 52.3 प्रतिशत लोगों ने ताइवान और चीन के बीच के संबंधों को अस्थिर करने के लिए CCP को जिम्मेदार ठहराया है। मई में हुए इसी तरह के एक सर्वे में यह आंकड़ा 47.4 प्रतिशत था। इन नतीजों से पता चलता है कि बीजिंग को जिम्मेदार मानने वाले लोगों की संख्या में लगभग पांच प्रतिशत अंकों की वृद्धि हुई है। वहीं 28.5 प्रतिशत लोगों का मानना है कि इसके लिए ताइवान और चीन दोनों जिम्मेदार हैं जबकि मई में यह आंकड़ा 33.3 प्रतिशत था। केवल 6 प्रतिशत लोगों ने इसके लिए पूरी तरह से ताइवान को जिम्मेदार माना, जबकि पहले यह आंकड़ा 7.9 प्रतिशत था। इसके अलावा 13.2 प्रतिशत लोगों ने कोई राय नहीं दी या कहा कि वे इस बारे में निश्चित नहीं हैं, मई में यह आंकड़ा 11.3 प्रतिशत था।