Edited By Rohini Oberoi,Updated: 15 Mar, 2026 09:26 AM

मध्य पूर्व (Middle East) में जारी भीषण तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ किसी भी तत्काल समझौते से इनकार कर दिया है। शनिवार को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि हालांकि ईरान अब समझौता करना चाहता है लेकिन अभी शर्तें...
Donald Trump : मध्य पूर्व (Middle East) में जारी भीषण तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ किसी भी तत्काल समझौते से इनकार कर दिया है। शनिवार को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि हालांकि ईरान अब समझौता करना चाहता है लेकिन अभी शर्तें अमेरिका के पक्ष में पर्याप्त रूप से अच्छी नहीं हैं।
ईरान की पेशकश को क्यों ठुकराया?
ट्रंप ने एनबीसी न्यूज को बताया, "ईरान डील करना चाहता है लेकिन मैं नहीं चाहता क्योंकि शर्तें अभी उतनी बेहतर नहीं हैं।" उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी युद्धविराम (Ceasefire) के लिए शर्तों का "वेरी सॉलिड" (बहुत ठोस) होना अनिवार्य है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
परमाणु हथियारों पर नो कॉम्प्रोमाइज
हालांकि राष्ट्रपति ने संभावित डील की विस्तृत शर्तों का खुलासा नहीं किया लेकिन उन्होंने एक बड़ा संकेत दिया। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ईरान को अपने परमाणु मंसूबों (Nuclear Ambitions) को हमेशा के लिए छोड़ना होगा। उन्होंने इसे नॉन-नेगोशिएबल (गैर-परक्राम्य) करार दिया यानी इस मुद्दे पर कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: अब मच्छर फैलाएंगे Vaccine! चमगादड़ों का इलाज करने के लिए बना अनोखा फ्लाइंग सिरिंज प्लान
खार्ग द्वीप पर हमलों का जिक्र
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने ईरान के महत्वपूर्ण तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप (Kharg Island) पर हुए हमलों की भी पुष्टि की। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने इस द्वीप को पूरी तरह तबाह कर दिया है। उन्होंने बेहद सख्त लहजे में यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो अमेरिका वहां फिर से हमले कर सकता है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता
दुनिया भर में बढ़ती तेल की कीमतों के बीच ट्रंप ने अन्य देशों से हॉर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रखने में मदद मांगी है। उन्होंने बताया कि कई देश इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को खुला रखने के लिए अपने युद्धपोत भेजने पर सहमत हुए हैं।