Edited By Tanuja,Updated: 18 Feb, 2026 12:56 PM

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि जिनेवा वार्ता शुरू होने से पहले रूस ने 29 मिसाइलों और करीब 400 ड्रोन से बड़ा हमला किया। यूक्रेनी एयर डिफेंस ने अधिकतर मिसाइलें मार गिराईं, फिर भी बच्चों समेत नौ लोग घायल हुए।
International Desk: यूक्रेन के राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy ने दावा किया है कि रूस ने जिनेवा में होने वाली अहम त्रिपक्षीय वार्ता से ठीक पहले यूक्रेन पर एक “भीषण और सुनियोजित” हमला किया। इस हमले में रूस ने 29 मिसाइलें और लगभग 400 ड्रोन दागे। जेलेंस्की के अनुसार, यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने 29 में से 25 मिसाइलों को मार गिराया, जिसे उन्होंने एक बड़ी सफलता बताया। इसके बावजूद हमलों में बच्चों समेत नौ लोग घायल हुए हैं और कई रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा है।राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि जिनेवा में नए कूटनीतिक प्रारूप शुरू होने के दिन ही हमला करना रूस की “असल मंशा” को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है और युद्ध समाप्त करने के लिए समझौते को तैयार है, लेकिन रूस का व्यवहार इसके विपरीत है। उन्होंने यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल से आग्रह किया कि वह Geneva में अमेरिकी प्रतिनिधियों के सामने इस हमले का मुद्दा मजबूती से उठाए, खासकर तब जब अमेरिका ने दोनों पक्षों से हमले रोकने का प्रस्ताव रखा था। इस बीच, रूस के हमलों से ओडेसा शहर में हालात और बिगड़ गए हैं। ड्रोन हमलों के कारण हजारों लोग पानी और हीटिंग सप्लाई से वंचित हो गए हैं। करीब 10 से अधिक रिहायशी इमारतें और रेलवे ढांचा भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
जेलेंस्की ने कहा कि कुल 12 यूक्रेनी क्षेत्रों को निशाना बनाया गया और यह हमला खास तौर पर देश के ऊर्जा ढांचे को तबाह करने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से अपील की कि रूस पर प्रतिबंधों का दबाव बढ़ाया जाए और यूक्रेन की वायु रक्षा को तत्काल मजबूत किया जाए। यूक्रेन-रूस युद्ध फरवरी 2022 से जारी है और जिनेवा में चल रही यह वार्ता अमेरिका की मध्यस्थता में युद्ध को समाप्त करने की कोशिशों का हिस्सा है। लेकिन इस ताजा हमले ने एक बार फिर शांति प्रयासों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।