Edited By Tanuja,Updated: 11 Feb, 2026 03:03 PM

यूक्रेन के खारकीव क्षेत्र में रूसी ड्रोन हमले में एक पिता और उसके तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 35 हफ्ते की गर्भवती मां गंभीर रूप से घायल हुई है। यह हमला ऐसे वक्त हुआ है जब युद्ध चौथे साल में प्रवेश कर चुका है।
Washington: यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी खारकीव क्षेत्र में रूस द्वारा किए गए एक भीषण ड्रोन हमले ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, रात के समय एक रूसी ड्रोन ने बोहोदुखिव कस्बे में एक रिहायशी मकान को निशाना बनाया, जिसमें एक पिता और उसके तीन छोटे बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।खारकीव क्षेत्रीय अभियोजक कार्यालय ने बताया कि हमले में मकान पूरी तरह नष्ट हो गया और आग लग गई, जिससे परिवार के सभी सदस्य मलबे के नीचे दब गए। मृतकों में 34 वर्षीय पिता, दो साल के जुड़वां बेटे और उनकी एक साल की बेटी शामिल हैं।
मलबे से जीवित निकाली गई मां की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। वह 35 सप्ताह की गर्भवती हैं और उन्हें विस्फोट के कारण गंभीर चोटें, दिमागी आघात, जलने के घाव और सुनने की क्षमता में नुकसान हुआ है। यूक्रेनी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह हमला Geran-2 ड्रोन से किया गया, जो ईरानी शाहिद ड्रोन का रूसी संस्करण माना जाता है। यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, रूस ने बीती रात यूक्रेन पर कुल 129 लंबी दूरी के ड्रोन दागे। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस-यूक्रेन युद्ध लगभग चार साल पूरे करने वाला है और अमेरिका के नेतृत्व में शांति प्रयास जारी हैं।
इधर, जवाबी कार्रवाई में यूक्रेनी ड्रोन हमले से रूस के वोल्गोग्राद शहर में एक औद्योगिक संयंत्र में आग लग गई। वोल्गोग्राद क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई बोचारोव ने बताया कि ड्रोन के टुकड़ों से एक अपार्टमेंट इमारत को भी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, सुरक्षा कारणों से रूस के आठ हवाई अड्डों पर कुछ समय के लिए उड़ानें निलंबित करनी पड़ीं।