Edited By Tanuja,Updated: 07 Jun, 2026 11:58 AM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान के सर्वोच्च नेता Mojtaba Khamenei से मुलाकात की इच्छा जताई है। इसके जवाब में ईरानी विदेश मंत्री Abbas Araghchi ने कहा कि ट्रंप को काल्पनिक दावों से बाहर निकलकर वास्तविकता में जीना चाहिए। दोनों...
International Desk:अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक नया कूटनीतिक विवाद सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने संकेत दिया कि यदि दोनों देशों के बीच कोई ठोस समझौता होता है तो वह ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) से मुलाकात करने के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने कहा कि ऐसी मुलाकात उनके लिए सम्मान की बात होगी। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) ने ट्रंप पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति को "हवा में बातें करने" के बजाय वास्तविक परिस्थितियों को समझना चाहिए। अराघची ने स्पष्ट संकेत दिया कि फिलहाल ऐसी किसी मुलाकात की कोई संभावना नहीं है।
इस वर्ष ईरान में नेतृत्व परिवर्तन के बाद मोजतबा खामेनेई को देश का नया सर्वोच्च नेता चुना गया। विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पूर्व सर्वोच्च नेता Ali Khamenei की फरवरी 2026 में युद्ध के दौरान मौत के बाद मोजतबा को उत्तराधिकारी बनाया गया। हालांकि मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से बहुत कम दिखाई दिए हैं, लेकिन ईरानी नेतृत्व का कहना है कि देश के रणनीतिक और राजनीतिक फैसलों पर उनका पूरा नियंत्रण है। अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय पक्षों के बीच संघर्षविराम लागू होने के बावजूद दोनों देशों के बीच अविश्वास बना हुआ है। मध्यस्थों के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान जारी है, लेकिन किसी स्थायी समझौते की दिशा में अभी तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है।
ईरान लगातार कहता रहा है कि उस पर दबाव की नीति काम नहीं करेगी, जबकि अमेरिका चाहता है कि क्षेत्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मुद्दों पर नई बातचीत शुरू हो।
तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक Strait of Hormuz में अस्थिरता बनी हुई है। इस मार्ग से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल परिवहन होता है, इसलिए यहां किसी भी व्यवधान का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर पड़ता है।