Edited By Ramanjot,Updated: 26 Oct, 2026 05:10 PM

दुखद बात यह रही कि जिले में एक बस पर चट्टान गिर गई, जिससे ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर को फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने बताया कि सरकार ने ड्राइवर के परिवार को 4 लाख रुपए की सहायता राशि जारी कर दी है।
चेन्नई: तमिलनाडु के राजस्व मंत्री के. ए. सेंगोट्टैयन ने सोमवार को बताया कि पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत के बाद से आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है और प्रशासन ने प्रमुख हिल स्टेशनों पर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
राज्य में मानसून से निपटने के लिए किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी देते हुए, सेंगोट्टैयन ने बताया कि मृतकों के परिवारों को मुआवजे के तौर पर 4-4 लाख रुपए दिए गए हैं। उन्होंने मीडिया की उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि बारिश से जुड़ी घटनाओं में एक ही दिन में 35 लोगों की मौत हुई है। मंत्री ने स्पष्ट किया, "बाकी मौतों के बारे में जो खबरें आई हैं, वे प्राकृतिक मौतें हैं या फिर दीवार गिरने जैसी किसी घटना के कारण हुई हैं, इसकी जांच संबंधित जिला कलेक्टर कर रहे हैं।" बारिश के व्यापक असर के बारे में बताते हुए मंत्री ने कहा कि नीलगिरि जिले में भारी बारिश के कारण 62 जगहों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ, जिसे प्रशासन ने तुरंत साफ कर दिया।
3,500 एकड़ फसलें पानी में डूबी
दुखद बात यह रही कि जिले में एक बस पर चट्टान गिर गई, जिससे ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर को फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने बताया कि सरकार ने ड्राइवर के परिवार को 4 लाख रुपए की सहायता राशि जारी कर दी है। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का जिक्र करते हुए सेंगोट्टैयन ने कहा कि कोयंबटूर और तिरुप्पुर में रात भर हुई भारी बारिश के कारण जो जलभराव हुआ था, उसे सुबह 4 बजे तक पूरी तरह से हटा दिया गया और स्थिति सामान्य हो गई। उन्होंने मानसून के दौरान बादलों की अनिश्चित चाल की ओर इशारा करते हुए कहा, "पुदुकोट्टई में भारी बारिश की आशंका के चलते 'रेड अलर्ट' जारी किया गया था, लेकिन वहां एक बूंद भी बारिश नहीं हुई।" उनके अनुसार, कृषि विभाग के शुरुआती आकलन से पता चलता है कि नागपट्टिनम जिले में 3,500 एकड़ फसलें पानी में डूबी हुई हैं।
हिल स्टेशनों पर पर्यटकों के जाने पर रोक
एहतियात के तौर पर, राज्य सरकार ने बारिश कम होने तक नीलगिरि, कोडैकनाल और येरकाउड सहित सभी हिल स्टेशनों पर पर्यटकों के जाने पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। सेंगोट्टैयान ने आगे कहा, "स्थानीय लोगों को केवल सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे के बीच यात्रा करने की अनुमति है, और इसके लिए उनके पास जिला कलेक्टर द्वारा जारी अधिकृत पास होना चाहिए।"