Edited By Anu Malhotra,Updated: 09 Apr, 2026 04:12 PM
Kerala Assembly Elections: केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है और मतदान शाम छह बजे तक होगा। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं और...
Kerala Assembly Elections: केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है और मतदान शाम छह बजे तक होगा। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं और मतदान-केंद्रो पर चुनाव अधिकारी मतदाताओं का स्वागत कर रहे हैं। राज्य के सभी मतदान केन्द्रों में सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंचने शुरू हो गये हैं। आयोग ने इस बार 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के लिए घर पर मतदान करने की सुविधा प्रदान की है तथा उनके लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गयी है। राज्य की 126 सीटों के लिए कुल 890 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में 30,471 मतदान केंद्र बनाये गये।
Kerala Assembly Elections Live:
केरल चुनाव 2026: 3 बजे तक हुआ 63% मतदान
केरल में दोपहर 1 बजे तक 49.70% मतदान हो चुका है।
केरल चुनाव 2026: 1 बजे तक हुआ 49.70% मतदान
केरल में दोपहर 1 बजे तक 49.70% मतदान हुआ है।
शशि थरुर ने भी किया मतदान
केरल में जारी विधानसभा चुनाव के बीच तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्र से बाहर निकलने के बाद थरूर ने न केवल चुनाव पर बात की बल्कि आगामी महिला आरक्षण बिल और संसद के बदलते ढांचे को लेकर अपनी गंभीर चिंताएं भी जाहिर कीं। महिला आरक्षण बिल से जुड़े सवालों पर शशि थरूर ने स्पष्ट किया कि अभी तक विपक्षी दलों के पास इस बिल का आधिकारिक ड्राफ्ट नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि चर्चाएं हैं कि सरकार इस बिल के लिए 16 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाने की योजना बना रही है। थरूर ने जोर देकर कहा कि बिल को पारित करने से पहले उसकी बारीकियों को समझना बेहद जरूरी है।
- केरल विधानसभा चुनाव में गुरूवार को मतदान के शुरुआती चार घंटों में 33.28 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
- राज्य के एर्नाकुलम जिले में सबसे अधिक 35.86 प्रतिशत और मलाप्पुरम में सबसे कम 32 प्रतिशत मतदान हुआ है।
- इसके अलावा अलाप्पुझा में 33.79, इड्डुकी में 32.34, कोट्टयम में 33.01, त्रिसूर में 34.14 और वायनाड में 33.43 प्रतिशत मतदान हुआ।
- केरल विधानसभा चुनाव के लिए जारी वोटिंग के बीच कोच्चि के एक मतदान केंद्र पर उस वक्त हलचल बढ़ गई जब मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी (Mammootty) अपनी पत्नी सुल्फथ कुट्टी के साथ अपना वोट डाला। सादगी के साथ कतार में खड़े होकर ममूटी ने अपनी नागरिक जिम्मेदारी निभाई और लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लिया।
- ममूटी भूरे रंग की शर्ट और काले चश्मे में बेहद गरिमामय अंदाज में नजर आए। उनके साथ उनकी पत्नी सुल्फथ भी थीं। मतदान केंद्र पर मौजूद अन्य मतदाता अपने चहेते कलाकार को अपने बीच पाकर उत्साहित दिखे।
- उनके साथ उनके बेटे और मशहूर अभिनेता दुलकर सलमान (Dulquer Salmaan) को भी मतदान केंद्र के बाहर देखा गया।
केरल के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने त्रिशूर के एक पोलिंग स्टेशन पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद राज्यपाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए मतदान को एक पवित्र कर्तव्य बताया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा- "मुझे बहुत खुशी है कि मैंने आज अपना वोट डाला है। लोकतंत्र न केवल हमारी भारतीय मिट्टी में, बल्कि हम सबके दिलों में गहराई से बसा हुआ है। मैं राज्य के प्रत्येक नागरिक से अनुरोध करता हूं कि वे बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकलें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपना योगदान देकर अपने कर्तव्य को साकार करें।"
- केरल विधानसभा चुनाव में सुबह नौ बजे तक 16.23 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतारें लगनी शुरू हो गयी है। राज्य में कहीं से अप्रिय घटना की कोई रिपोटर् सामने नहीं आयी है।
- राज्य के एर्नाकुलम जिले में सबसे अधिक 17.80 प्रतिशत और मलाप्पुरम में सबसे कम 15.39 प्रतिशत मतदान हुआ है।
- सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के मात्र दो घंटों के भीतर ही राज्य में 10 फीसदी से ज्यादा वोट डाले जा चुके हैं।
- मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारों और लोगों के उत्साह को देखते हुए निर्वाचन आयोग का अनुमान है कि इस बार पिछले चुनावों के रिकॉर्ड ध्वस्त हो सकते हैं।
- केरल में आमतौर पर 75% से 80% के बीच मतदान होता रहा है लेकिन सुबह-सुबह की इस तेजी ने एक नए इतिहास की ओर इशारा किया है।
- कांग्रेस के संगठन महासचिव और राज्यसभा सांसद केसी वेणुगोपाल (K.C. Venugopal) ने अपने गृह जिले अलाप्पुझा के अंबलपुझा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान किया।
- वेणुगोपाल सुबह-सुबह ही स्थानीय पोलिंग बूथ पर पहुंचे और आम नागरिकों की तरह कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। वोट डालने के बाद उन्होंने अपनी उंगली पर लगी अमिट स्याही दिखाते हुए जीत का भरोसा जताया।
- मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि केरल की जनता इस बार बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF (यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) राज्य में भारी बहुमत के साथ वापसी करेगा। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
कुल मतदाताओं की संख्या 2.71 करोड़ हैं, जिनमें 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 उभयलिंगी हैं। केरल में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बीच हैं हालांकि भाजपा भी यहां जोर आजमाइश कर रही है। सभी उम्मीदवारों के चुनावी किस्मत का फैसला मतदाता आज इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बंद कर देंगे। मतगणना 4 मई को होगी और उसी दिन परिणाम आ जायेंगे।
- इसी बीच, तिरुवनंतपुरम के एक स्थानीय पोलिंग बूथ पर एक खास नजारा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर (Rajeev Chandrasekhar) ने एक आम नागरिक की तरह कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया। उन्होंने किसी भी प्रकार के 'वीआईपी कल्चर' से दूर रहकर लाइन में लगकर अपना वोट डाला।
- वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने जनता से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की। राज्य भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराए जा सकें।
उन्होंने कहा - "आज के दिन सब कुछ महत्वपूर्ण है। हर मतदाता को अपने घर से बाहर निकलकर पोलिंग बूथ तक आना चाहिए। यह न केवल आपका कर्तव्य है, बल्कि आपका मौलिक अधिकार भी है कि आप अपने मताधिकार का प्रयोग करें और राज्य के भविष्य की दिशा तय करें।"