Edited By Pardeep,Updated: 12 Feb, 2026 10:59 PM

लखनऊ में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सीतापुर हाईवे पर बीकेटी (बक्शी का तालाब) क्षेत्र के रामपुर बेहड़ा के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई।
नेशनल डेस्कः लखनऊ में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सीतापुर हाईवे पर बीकेटी (बक्शी का तालाब) क्षेत्र के रामपुर बेहड़ा के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार खदरा निवासी डॉ. चंद्रप्रकाश, उनकी पत्नी और उनका बेटा किसी तरह समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
शादी समारोह में जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, डॉ. चंद्रप्रकाश अपने परिवार के साथ लखनऊ के खदरा इलाके से सीतापुर जिले के अटरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रात के समय जब उनकी कार बीकेटी के रामपुर बेहड़ा के पास पहुंची, तभी गाड़ी के इंजन से असामान्य गर्मी और धुआं निकलता दिखाई दिया।
इंजन हुआ ज्यादा गर्म, फिर भड़की आग
डॉ. चंद्रप्रकाश ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। गाड़ी रुकने के कुछ ही मिनटों बाद इंजन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कार आग के गोले में बदल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही बक्शी का तालाब थाना क्षेत्र की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते कार से बाहर निकल गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।