Edited By Pardeep,Updated: 12 Feb, 2026 11:47 PM

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय के अंदर दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच के बाद अब इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी...
नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय के अंदर दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच के बाद अब इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पत्नी से मिलने पहुंचे थे वकील
जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता फारूख बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। बताया गया कि उनकी पत्नी वहीं पर कार्यरत हैं और फारूख उनसे मिलने के लिए दफ्तर गए थे। इसी दौरान कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी असगर अली से उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया।
कहासुनी के बाद चली गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर असगर अली ने फारूख पर गोली चला दी। गोली लगते ही कार्यालय में अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग घबरा गए। घायल फारूख को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
अस्पताल में जुटे वकील
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में वकील जिला अस्पताल पहुंच गए। साथी अधिवक्ता की हत्या से वकीलों में भारी आक्रोश देखा गया। माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामपुर और जिलाधिकारी (डीएम) भी भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतक फारूख का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
जांच के दौरान कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। अब आरोपी द्वारा गोली चलाने का वीडियो सामने आया है। यह फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों के बीच विवाद और उसके बाद गोली चलने की घटना साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद जिला पंचायत कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।