Edited By Radhika,Updated: 29 Apr, 2026 06:36 PM

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान के बीच राजनीतिक पारा अपने चरम पर पहुँच गया है। बुधवार को भारी संख्या में लोगों ने वोट दिया। वोटिंग को लेकर लोगों के बीच काफी उत्साह देखा गया। इसी बीच ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु...
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान के बीच राजनीतिक पारा अपने चरम पर पहुँच गया है। बुधवार को भारी संख्या में लोगों ने वोट दिया। वोटिंग को लेकर लोगों के बीच काफी उत्साह देखा गया। इसी बीच ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच तीखी जुबानी जंग भी देखने को मिली।
CRPF पर भड़कीं CM ममता बनर्जी
सीएम ममता बनर्जी ने भवानीपुर में अपना वोट दिया। इस दौरान ममता ने केंद्र सरकार और केंद्रीय सुरक्षा बलों (CRPF) पर गंभीर आरोप लगाए। ममता ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रीय बल लोगों को परेशान कर रहे हैं और महिलाओं-बच्चों तक को नहीं छोड़ा जा रहा। ऐसा टार्चर नहीं चल रहा। इसी के साथ ममता ने आरोप लगाते हुए कहा कि राणाघाट, कल्याणी और कैनिंग जैसे क्षेत्रों में उनके पोलिंग एजेंटों को बाहर कर दिया गया। अपनी बात को जारी रखते हुए ममता ने कहा कि, "मैं 1984 से चुनाव लड़ रही हूँ, लेकिन इतना अत्याचार मैंने आज तक नहीं देखा। क्या इसे ही स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कहते हैं?"

शुभेंदु अधिकारी ने किया ममता पर पलटवार
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय बलों की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय बलों को उपद्रवियों को खदेड़ने के आदेश थे ताकि शांति से वोटिंग हो सके। शुभेंदु ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व हंगामा कर रहे थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है और लोग जागरूक हो गए हैं।
एक ही बूथ और समय पर ममता और शुभेंदु ने दिया वोट
आज के चरण की वोटिंग की खास बात यह है कि भवानीपुर के चक्रबेरिया में एक दिलचस्प नजारा तब दिखा जब ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी एक ही समय पर वार्ड नंबर 73 के मतदान केंद्र पर पहुँच गए। हालांकि, दोनों कट्टर प्रतिद्वंद्वी नेताओं के बीच कोई बात नहीं हुई, लेकिन उनकी मौजूदगी ने वहां के सियासी माहौल को और ज्यादा गर्मा दिया।