Edited By Rohini Oberoi,Updated: 13 Oct, 2025 11:41 AM

वैश्विक विमानन (Aviation) और पर्यटन उद्योग में इस हफ्ते कई अहम घटनाएँ हुईं लेकिन सबसे दिलचस्प खबर कनाडा से आ रही है। कनाडा की प्रमुख एयरलाइन एयर कनाडा ने अपने यात्रियों को खुश करने और हालिया आलोचनाओं का सामना करने के लिए एक बड़ी और अनोखी पहल की है।...
नेशनल डेस्क। वैश्विक विमानन (Aviation) और पर्यटन उद्योग में इस हफ्ते कई अहम घटनाएँ हुईं लेकिन सबसे दिलचस्प खबर कनाडा से आ रही है। कनाडा की प्रमुख एयरलाइन एयर कनाडा ने अपने यात्रियों को खुश करने और हालिया आलोचनाओं का सामना करने के लिए एक बड़ी और अनोखी पहल की है। अब कंपनी अपनी सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में इकोनॉमी क्लास में यात्रा करने वाले यात्रियों को मुफ्त बीयर और वाइन (Free Beer and Wine) परोसेगी।
शिकायतें दूर करने की अनोखी रणनीति
यह ऑफर सिर्फ लंबी दूरी की उड़ानों के लिए नहीं बल्कि छोटी घरेलू यात्राओं पर भी लागू होगा जिसका मतलब है कि एयर कनाडा में यात्रा करने वालों के लिए यह एक बड़ा आकर्षण होगा। कंपनी ने यह फैसला यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने और उनकी शिकायतों को दूर करने के उद्देश्य से लिया है।

पिछले कुछ महीनों में एयर कनाडा को यात्रियों की तरफ से अतिरिक्त बैगेज फीस (Extra Baggage Fees) और लेगरूम शुल्क (Legroom Charges) को लेकर भारी आलोचना और असंतोष झेलना पड़ा था। ग्राहकों के असंतोष को दूर करने के लिए कंपनी ने उन्हें खुश करने के लिए यह 'फ्री ड्रिंक पॉलिसी' लागू की है।
यह भी पढ़ें: Pregnancy Tourism: इस राज्य के पुरुषों से गर्भवती होना चाहतीं हैं विदेश महिलाएं, जानिए क्या है नया प्रेग्नेंसी टूरिज्म फैशन?
ग्राहक संतुष्टि पर फोकस
एयर कनाडा के वाइस प्रेसिडेंट ऑफ लॉयल्टी एंड प्रोडक्ट स्कॉट ओ लीरी ने इस कदम के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "खाना और पेय पदार्थ ग्राहक संतुष्टि पर किसी भी अन्य सेवा से अधिक असर डालते हैं। यात्रियों को यात्रा के दौरान अच्छा अनुभव देना हमारी प्राथमिकता है।" विमानन विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम सिर्फ मेहमान नवाजी नहीं बल्कि यात्रियों का भरोसा वापस जीतने की एक सोची-समझी रणनीति है।

उत्तर अमेरिका में एयर कनाडा अब एकमात्र प्रमुख एयरलाइन बन गई है जो अपनी इकोनॉमी क्लास में मुफ्त शराब पेश कर रही है। अन्य अमेरिकी एयरलाइनों में यात्रियों को ड्रिंक के लिए अलग से भुगतान करना पड़ता है। यात्रियों ने इस कदम का स्वागत किया है हालांकि उनका यह भी कहना है कि कंपनी को सुविधाओं और अन्य सेवाओं में भी सुधार करना चाहिए।