Edited By Parveen Kumar,Updated: 02 Nov, 2026 09:55 PM

बलिया जिले में गड़वार थाना क्षेत्र के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को एक शिक्षक के कहने पर लौकी तोड़ने के लिए छत पर गए चौथी कक्षा के छात्र की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई।
नेशनल डेस्क : बलिया जिले में गड़वार थाना क्षेत्र के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को एक शिक्षक के कहने पर लौकी तोड़ने के लिए छत पर गए चौथी कक्षा के छात्र की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया। इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक और दो शिक्षकों के साथ ही बिजली विभाग के अवर अभियंता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गड़वार थाने के प्रभारी निरीक्षक हितेश कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक शिक्षक ने चौथी कक्षा के छात्र अरशद अहमद (11) को मध्याह्न भोजन के लिए लौकी तोड़ने के वास्ते विद्यालय की छत पर भेजा था, जहां वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने विद्यालय में हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर प्रशासन, बेसिक शिक्षा विभाग और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
उन्होंने बताया कि छात्र के भाई सलमान की शिकायत पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, एक सहायक अध्यापक, एक शिक्षामित्र और बिजली विभाग के अवर अभियंता के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक और शिक्षामित्र को हिरासत में ले लिया है तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।