Edited By Parveen Kumar,Updated: 31 Oct, 2026 06:19 PM

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में ठहरे दो विदेशी नागरिकों की होटल के स्विमिंग पूल में तैरते समय कथित तौर पर करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों में जर्मन एयरलाइन के चालक दल का एक सदस्य भी शामिल है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्क : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में ठहरे दो विदेशी नागरिकों की होटल के स्विमिंग पूल में तैरते समय कथित तौर पर करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों में जर्मन एयरलाइन के चालक दल का एक सदस्य भी शामिल है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान जर्मनी के नागरिक अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस (57) और अमेरिका की बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी आईबीएम में परियोजना प्रबंधक के रूप में कार्यरत जुराज होर्वाट (45) के रूप में हुई है। थाइस लुफ्थांसा एयरलाइन के चालक दल के सदस्य थे।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम हलासुरु स्थित होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों को बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी घायल हो गए। इनमें होटल में ठहरे अमेरिका के नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस (41) और वहां कार्यरत पूल सहायक राहुल तिवारी (28) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने बताया कि होर्वाट 30 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ होटल में ठहरे थे, जबकि थाइस ने 20 अक्टूबर को होटल में चेक-इन किया था। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''शुक्रवार शाम एक पांच सितारा होटल में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जहां स्विमिंग पूल में दो विदेशी नागरिकों की जान चली गई। बिजली के तारों से करंट के रिसाव की आशंका है और ऐसा प्रतीत होता है कि यह करंट लगने का मामला है। हालांकि, चिकित्सकीय, तकनीकी और विशेषज्ञों की रिपोर्ट मिलने तक हम यह तय नहीं कर सकते कि वास्तव में क्या हुआ था।''
उन्होंने कहा, ''हमें मृतकों में से एक की पत्नी की ओर से शिकायत मिली है। हमारी पुलिस घटना की जांच कर रही है। हमने घटनास्थल वाले क्षेत्र को घेर लिया है और घटना के सही कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। हम तथ्यों का पता लगाएंगे।'' पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत होटल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, होटल के सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है। कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।