Edited By Pardeep,Updated: 18 May, 2026 06:08 AM

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने अपनी 23 वर्षीय गर्भवती पत्नी की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसके गुप्तांग में लोहे की छड़ और धातु काटने वाला ब्लेड डालकर उसकी हत्या...
अंबिकापुर/सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने अपनी 23 वर्षीय गर्भवती पत्नी की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसके गुप्तांग में लोहे की छड़ और धातु काटने वाला ब्लेड डालकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया है।
शराब के नशे में बना दरिंदा
पुलिस के अनुसार, यह बर्बर घटना 14 मई को मणिपुर थाना क्षेत्र के भित्थिकला गांव में हुई। आरोपी प्रदीप अगरिया और हीराबाई की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी, लेकिन आरोपी अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी पर हमला करता था। घटना वाले दिन उसने हीराबाई को बुरी तरह पीटा और हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसके गुप्तांग में धातु काटने वाला ब्लेड घुसा दिया। यह पूरी वारदात दंपति की चार वर्षीय मासूम बेटी के सामने हुई।
अस्पताल में रचा 'सड़क हादसे' का नाटक
जब हीराबाई दर्द से तड़पते हुए बेहोश हो गई, तो आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बांधकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया। वहाँ उसने डॉक्टरों को गुमराह करने के लिए झूठ बोला कि महिला को सड़क दुर्घटना में चोटें आई हैं। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ खौफनाक खुलासा
रिश्तेदारों के पहुंचने के बाद जब मृतका का पोस्टमॉर्टम किया गया, तो हकीकत जानकर डॉक्टरों के भी होश उड़ गए। फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के पोस्टमॉर्टम सर्जन डॉ. संतु बाग ने बताया कि महिला तीन महीने की गर्भवती थी और उसके शरीर पर लगभग 17 गंभीर बाहरी चोटें थीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि डॉक्टरों ने महिला के गुप्तांग से लोहे की लगभग 10 इंच लंबी छड़ निकाली, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी प्रदीप अगरिया को अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।