Edited By Pardeep,Updated: 11 May, 2026 05:07 AM

सोशल मीडिया पर वायरल होने और लाइक्स बटोरने की भूख ने मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रख दिया है।
नेशनल डेस्क: सोशल मीडिया पर वायरल होने और लाइक्स बटोरने की भूख ने मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रख दिया है। रीलबाजी का भूत अब लोगों के सिर पर इस कदर सवार है कि वे मातम के माहौल में भी कैमरा चलाना नहीं भूलते। हाल ही में एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है जिसने इंटरनेट जगत को झकझोर कर रख दिया है और लोगों को हैरान करने के साथ-साथ गुस्से से भी भर दिया है।
'अब किसके साथ बनाऊंगी वीडियो'
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि घर में मातम का माहौल है और महिला की सास का शव पड़ा हुआ है। आसपास घर के लोग दुखी नजर आ रहे हैं, लेकिन इसी बीच बहू कैमरे के सामने बैठकर विलाप करते हुए रील बनाने लगती है। वीडियो में महिला बार-बार कैमरे की तरफ देखकर डायलॉग बोलती है कि, “मेरी सास मुझे छोड़कर चली गई, अब मैं वीडियो किसके साथ बनाऊंगी”। महिला का रोने का अंदाज और कैमरे के लिए खास एक्सप्रेशन देना लोगों को बेहद अजीब और नागवार गुजरा है।
इंटरनेट पर मचा बवाल, लोगों ने कहा- 'इंसानियत शर्मसार'
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला की जमकर क्लास लगानी शुरू कर दी है। इंटरनेट पर एक नई बहस छिड़ गई है कि क्या रीलबाजी अब इंसानी भावनाओं से भी ऊपर पहुंच गई है?। यूजर्स ने इसे “संवेदनहीन कंटेंट कल्चर” करार दिया है।
सोशल मीडिया पर आ रही तीखी प्रतिक्रियाओं में एक यूजर ने लिखा, “रील्स के लिए इंसानियत भी खत्म हो गई”। वहीं, अन्य लोगों का कहना है कि वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा है कि महिला को सास की मौत का दुख कम और रील बनाने की एक्टिंग ज्यादा है। कुछ यूजर्स का कहना है कि यह बेहद चिंता की बात है कि किसी अपने की मौत के समय भी लोगों के दिमाग में व्यूज और कैमरे का ख्याल आ रहा है। फिलहाल यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी भारी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।