प्रेमानंद महाराज के शिष्य की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, जांच में जुटी पुलिस

Edited By Updated: 26 Sep, 2026 04:05 PM

disciple of premanand maharaj dies after falling from fourth floor police inves

मथुरा के वृंदावन में वराह घाट मार्ग स्थित गऊ कृपा कुंज आश्रम में शुक्रवार सुबह एक साधक ने चौथी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में अन्य साधक उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की...

नेशनल डेस्क : मथुरा के वृंदावन में वराह घाट मार्ग स्थित गऊ कृपा कुंज आश्रम में शुक्रवार सुबह एक साधक ने चौथी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में अन्य साधक उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

मृतक की पहचान जबलपुर निवासी 25 वर्षीय दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारीशरण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे दीपक आश्रम की चौथी मंजिल पर गए और कुछ देर वहां बैठने के बाद नीचे छलांग लगा दी। वह आश्रम से करीब छह फीट दूर सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद आश्रम में अफरा-तफरी मच गई। अन्य साधक उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शव की स्थिति से उठे सवाल

पुलिस के मुताबिक, दीपक के शरीर पर गंभीर चोटें थीं। अस्पताल में जांच के दौरान उनके शरीर के निचले हिस्से में गंभीर चोट पाए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

आश्रम में रहते हैं 40-50 साधक

पुलिस के अनुसार, वराह घाट के पास स्थित गऊ कृपा कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के करीब 40 से 50 साधक रहते हैं। चार मंजिल के इस आश्रम में साधक राधारानी की उपासना करते हैं। पुलिस ने आश्रम पहुंचकर वहां रहने वाले अन्य साधकों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।

कमरे से मिला कटा हुआ अंग और ग्राइंडर

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के कमरे से शरीर का एक कटा हुआ अंग और एक ग्राइंडर मिलने की जानकारी मिली है। फॉरेंसिक टीम ने ग्राइंडर को कब्जे में लेकर उसके ऊपर से फिंगरप्रिंट लिए हैं। पुलिस इन वस्तुओं और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

मोबाइल और सीसीटीवी से सुराग तलाश रही पुलिस

पुलिस अब मृतक के मोबाइल फोन और आश्रम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। कॉल डिटेल के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौत से पहले दीपक ने किससे बातचीत की थी। पुलिस आश्रम में रहने वाले अन्य साधकों से भी घटना से पहले की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और घटनाक्रम को लेकर आगे की जांच की जाएगी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके वृंदावन पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

2025 में वृंदावन आए थे दीपक

पुलिस के अनुसार, दीपक लोधी वर्ष 2025 में संत प्रेमानंद महाराज को गुरु मानकर उनका अनुसरण करने के लिए वृंदावन आए थे। बाद में उन्होंने दीक्षा ली और आश्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग करने लगे। बताया गया है कि वह बिजली का काम भी जानते थे और आश्रम में विद्युत संबंधी कार्य देखते थे।

करीब दो महीने पहले शुरू हुआ था आश्रम

पुलिस के अनुसार, गऊ कृपा कुंज आश्रम का निर्माण हाल ही में हुआ था और यह करीब दो महीने पहले ही शुरू हुआ था। आश्रम की छत पर सोलर प्लांट लगा है, जबकि निचली मंजिलों पर साधकों के रहने के लिए कमरे बने हैं। आसपास की गली में भी कई अन्य आश्रम स्थित हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!